कोलकाता, 19 मई (भाषा) पश्चिम बंगाल में फाल्टा सीट पर 21 मई को फिर से होने वाले चुनाव से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार जहांगीर खान के हटने की घोषणा के बाद एक घंटे से भी कम समय के अंदर, सिविल ठेकेदारों ने मंगलवार को उनपर निविदा के बदले ‘कट मनी’ वसूलने का आरोप लगाया।
ठेकेदारों के एक समूह ने दक्षिण 24 परगना जिला परिषद के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और सड़क परिवहन कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। उनके हाथों में पोस्टर थे।
खान इन दोनों विभागों के प्रमुख हैं।
ठेकेदारों का दावा है कि विभिन्न परियोजनाओं के लिए निविदा प्राप्त करने के वास्ते खान के निजी सहायक को सात से 10 प्रतिशत तक कमीशन देना पड़ता था।
उन्होंने आरोप लगाया कि विभिन्न परियोजनाओं के लिए करोड़ों रुपये ‘कट मनी’ (कमीशन) के रूप में दिए गए और उन्होंने इस राशि को वापस करने की मांग की।
ठेकेदारों के ये आरोप मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी द्वारा लोगों से जबरन वसूली और कमीशन लेने वालों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के आह्वान के बाद आए हैं। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया था कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि, खान ने कहा कि उन्हें राजनीतिक कारणों से फंसाया जा रहा है।
इससे पहले दिन में, खान ने घोषणा की कि वह फाल्टा सीट पर 21 मई को फिर से होने वाले चुनाव से पीछे हट रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी द्वारा क्षेत्र के विकास के लिए विशेष पैकेज दिये जाने संबंधी वादे के कारण उन्होंने यह निर्णय लिया।
खान ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि उन्होंने फाल्टा के हित को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया। उन्होंने कहा, ‘‘मैं फाल्टा का बेटा हूं और मैं चाहता हूं कि यह क्षेत्र शांतिपूर्ण रहे तथा विकसित हो।’’
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 29 अप्रैल को फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में मतदान हुआ था। बड़े पैमाने पर चुनावी धांधली के आरोपों के बाद इस विधानसभा क्षेत्र में फिर से चुनाव कराये जाने का आदेश दिया गया है।
भाषा सुभाष दिलीप
दिलीप