झारखंड के बोकारो में जंगली हथिनी ने दो दिन में पांच लोगों को मार डाला

झारखंड के बोकारो में जंगली हथिनी ने दो दिन में पांच लोगों को मार डाला

झारखंड के बोकारो में जंगली हथिनी ने दो दिन में पांच लोगों को मार डाला
Modified Date: February 7, 2026 / 10:30 am IST
Published Date: February 7, 2026 10:30 am IST

बोकारो, सात फरवरी (भाषा) झारखंड में बोकारो जिले के एक गांव में भटककर आई एक जंगली हथिनी ने दो दिन में पांच लोगों को मार डाला है।

अधिकारियों ने बताया कि हथिनी ने शुक्रवार रात दो लोगों को कुचलकर मार डाला और चार अन्य को घायल कर दिया। उन्होंने कहा कि बृहस्पतिवार सुबह भी उसने तीन लोगों को कुचल दिया था।

मंडलीय वन अधिकारी (डीएफओ) संदीप शिंदे ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘यह हथिनी पांच हाथियों के झुंड का हिस्सा है। लेकिन, सिर्फ यही परेशानी खड़ी कर रही है।’’

उन्होंने बताया कि ये घटनाएं महुआटांड थाना क्षेत्र में हुईं तथा शुक्रवार को मारे गए लोगों की पहचान सोमर साव (50) और उनके पोते आयुष कुमार (9) के रूप में हुई है।

अधिकारी ने कहा कि घायल लोगों को इलाज के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

शिंदे ने बताया कि पिछले दो-तीन महीनों में बोकारो में हथिनी ने आठ लोगों को मार डाला है तथा रामगढ़ जिले में भी कुछ और लोगों को मारा है।

उन्होंने कहा, ‘‘हमने हथिनी को काबू में करने के लिए वनतारा बचाव टीम से संपर्क किया है।’’

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 2019-20 से झारखंड में हाथियों के हमले में कुल 474 लोगों की मौत हुई।

भाषा गोला नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में