‘क्या राहुल सदन में आएंगे?’ : भाजपा ने कांग्रेस नेता को नीट पर चर्चा में शामिल होने की चुनौती दी

Ads

‘क्या राहुल सदन में आएंगे?’ : भाजपा ने कांग्रेस नेता को नीट पर चर्चा में शामिल होने की चुनौती दी

  •  
  • Publish Date - August 12, 2026 / 08:07 PM IST,
    Updated On - August 12, 2026 / 08:07 PM IST

नयी दिल्ली, 12 अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी को कथित नीट प्रश्नपत्र लीक के मुद्दे पर छात्रों के विरोध-प्रदर्शन को लेकर संसद में चर्चा में हिस्सा लेने की चुनौती दी। इससे पहले गृह मंत्री अमित शाह ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से इस मुद्दे पर चर्चा के लिए विपक्ष से विचार-विमर्श करने का आग्रह किया।

बिरला को लिखे पत्र में शाह ने कहा कि लोकतंत्र में समाधान खोजने का एकमात्र रास्ता संवाद और चर्चा है तथा उन्होंने सदन में सभी सवालों का जवाब देने के लिए तैयार होने की बात कही।

शाह ने दिन में इससे पहले संसद भवन परिसर में संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि अब विपक्ष को तय करना है कि वह चर्चा में हिस्सा लेना चाहता है या संसद में हंगामा करना।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि विपक्ष द्वारा संसद की कार्यवाही लगातार बाधित किए जाने से उसकी ‘‘अराजकतावादी मानसिकता’’ उजागर हो गई है। नवीन ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मोदी सरकार के हर महत्वपूर्ण मुद्दे पर चर्चा के बार-बार प्रयासों के बावजूद विपक्ष चर्चा से भागना और संसद को चलने से रोकना चुनता है। जनता सब देख रही है और अब जानती है कि वास्तव में चर्चा से कौन भाग रहा है।’’

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने भी सवाल किया कि क्या गांधी अब चर्चा के लिए सदन में आएंगे। गोयल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘क्या राहुल गांधी अब सदन में नजर आएंगे? गृह मंत्री अमित शाह जी ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला जी को पत्र लिखकर नीट परीक्षा को लेकर छात्रों के आंदोलन पर सदन में चर्चा कराने का आग्रह किया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अब राहुल गांधी अपने ही झूठ और छल के जाल में फंस गए हैं। उन्होंने चर्चा की मांग की थी और सरकार चर्चा के लिए तैयार है। अब वह न तो चर्चा से भाग सकते हैं और न ही उसमें बैठकर खुद को बेनकाब होने से बचा सकते हैं। सदन इंतजार कर रहा है।’’

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने भी गोयल की बात दोहराते हुए कहा कि गांधी ने चर्चा की मांग की थी और सरकार इसके लिए तैयार है। चुघ ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘लेकिन वह न तो चर्चा से भाग सकते हैं और न ही इसमें बैठकर खुद को बेनकाब होने से बचा सकते हैं। सदन इंतजार कर रहा है। क्या राहुल गांधी सदन में आएंगे?’’

भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस को शाह की चुनौती स्वीकार करनी चाहिए और सदन के नियमों के मुताबिक चर्चा के लिए नोटिस देना चाहिए।

त्रिवेदी ने संसद भवन परिसर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘आपके पास अपनी विश्वसनीयता बचाने का आखिरी मौका है। सदन में चर्चा से मत भागिए। सदन में आइए और नियमों के अनुसार चर्चा के लिए तैयार रहिए। गृह मंत्री की चुनौती स्वीकार कीजिए, उनका जवाब सुनिए और जो कुछ कहना है, कहिए।’’

भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या ने गांधी और कांग्रेस पर ‘‘अवरोध की राजनीति’’ और ‘‘सदन की कार्यवाही बाधित करने की राजनीति’’ करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री बार-बार स्पष्ट कर चुके हैं कि सरकार पूरी चर्चा के लिए तैयार है और विपक्ष द्वारा उठाए गए सभी सवालों का जवाब देगी।

संसद भवन परिसर में संवाददाताओं से बातचीत में सूर्या ने आरोप लगाया कि सरकार के आश्वासन के बावजूद विपक्ष बार-बार सदन की कार्यवाही बाधित कर करदाताओं के पैसे की बर्बादी कर रहा है। उन्होंने गांधी पर शाह के खिलाफ ‘‘व्यक्तिगत’’ और ‘‘असंसदीय’’ टिप्पणियां करने का भी आरोप लगाया और लोकसभा में विपक्ष के नेता को ‘‘अराजकता की राजनीति करने वाला’’ बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि गांधी संसदीय प्रक्रियाओं और नियमों की परवाह नहीं करते।

भाषा अमित नरेश

नरेश