बीड, 21 फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र के बीड जिले में साहूकारों द्वारा प्रताड़ित किये जाने से आहत होकर 22 वर्षीय एक युवक ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली।
इस घटना के बाद युवक के परिजनों ने विरोध प्रदर्शन किया और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए शव को स्थानीय थाने में चार घंटे से अधिक समय तक रखा।
दिंद्रुड थाने के एक अधिकारी ने बताया कि धारूर तहसील के गावंद्रा निवासी धर्मराज अर्जुन बाडे के माता-पिता ने एक साहूकार दंपति से 50,000 रुपये का ऋण लिया था। आरोप है कि साहूकार दंपति पैसा वापस नहीं कर पाने पर परिवार को बार-बार गाली देते थे और परेशान करते थे।
अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार को बाडे और उसकी मां संगीता शिकायत दर्ज कराने के लिए धारूर थाने पहुंचे थे लेकिन कथित तौर पर एक व्यक्ति ने उन्हें धमकाया और कहा कि परिवार के खिलाफ जवाबी मामले दर्ज किए जाएंगे।
अधिकारी ने बताया, “बाडे ने शुक्रवार सुबह तेलगांव-धारूर मार्ग पर कारी शिवर में एक पेड़ पर फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। मृतक के परिजनों का दावा है कि साहूकारों के उत्पीड़न से तंग आकर उसने अपनी जान दे दी। उन्होंने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए शव को चार घंटे से अधिक समय तक दिंद्रुड थाने में रखा।”
उन्होंने बताया कि थाने में मामला दर्ज होने के बाद शुक्रवार देर शाम विरोध प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया, जिसके बाद बाडे का अंतिम संस्कार उसके पैतृक गांव गावंद्रा में किया गया।
भाषा जितेंद्र वैभव
वैभव