नयी दिल्ली, पांच जुलाई (भाषा) दिल्ली के न्यू उस्मानपुर में एक युवक की चाकू मारकर हत्या करने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पूर्व में हुए एक विवाद का बदला लेना चाहते थे, जिसमें पीड़ित ने कथित तौर पर एक आरोपी को थप्पड़ मारा था और दूसरे आरोपी को धमकी दी थी।
पुलिस ने बताया कि न्यू सीलमपुर निवासी तौहीद (20) शनिवार सुबह जेपीसी अस्पताल के पास स्थित डीडीए पार्क के निकट घायल अवस्था में मिला। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई और पाया कि घटना से कुछ समय पहले उत्तर-पूर्वी दिल्ली में तौहीद का कुछ लोगों के साथ झगड़ा हुआ था।
एक अधिकारी ने बताया कि साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने शनिवार रात सीलमपुर निवासी शहनवाज (21) , नूर हसन (20) और अनस (21) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर अपना अपराध स्वीकार कर लिया तथा पुलिस को बताया कि वे पूर्व में हुए विवाद का बदला लेना चाहते थे, जिसमें तौहीद ने कथित रूप से नूर हसन को थप्पड़ मारा था और शाहनवाज को धमकी दी थी।
पुलिस ने बताया कि हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि जांच-पड़ताल में पता चला है कि शाहनवाज पूर्व में भी लूट के एक मामले में शामिल रहा है, जबकि बाकी दो आरोपियों के खिलाफ अब तक कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है।
पुलिस ने कहा कि घटनाक्रम का पूरा ब्योरा पता लगाने के लिए जांच जारी है।
भाषा
राखी सुभाष
सुभाष