Reported By: Harpreet Kaur
,12th Board Exam Cheating/Image Source: symbolic
भोपाल: 12th Board Exam Cheating: मध्यप्रदेश में 12वीं बोर्ड परीक्षा के पहले ही दिन नकल के 7 प्रकरण सामने आए हैं। अंग्रेजी विषय की परीक्षा के दौरान 7 छात्र नकल करते पकड़े गए जिसके बाद परीक्षा केंद्रों पर हड़कंप मच गया।
12th Board Exam Cheating: जानकारी के अनुसार 6 मामले बैरसिया क्षेत्र के एक निजी स्कूल से सामने आए हैं। जांच में पाया गया कि छात्र कपड़ों के अंदर पर्चियां छुपाकर परीक्षा देने पहुंचे थे। सीसीटीवी कैमरों में संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने के बाद संबंधित परीक्षा केंद्रों पर उड़नदस्ता (स्क्वॉड) भेजा गया जहां जांच के दौरान नकल की पुष्टि हुई। वहीं एक मामला सरकारी स्कूल से भी सामने आया है जहां एक छात्र को नकल सामग्री के साथ रंगे हाथों पकड़ा गया। परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए बोर्ड द्वारा सख्त इंतजाम किए गए हैं। 9 जिलों के 226 परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं जिनकी निगरानी लगातार की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि नकल रोकने के लिए आगे भी कड़ी निगरानी जारी रहेगी और दोषी छात्रों के खिलाफ नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि मध्यप्रदेश बोर्ड परीक्षा कल से शुरू हो गई है। कक्षा 12वीं का पहला पेपर अंग्रेजी विषय से शुरू हुआ। पूरे प्रदेश में करीब 16 लाख से ज्यादा छात्र बोर्ड परीक्षाओं में शामिल हुए। प्रदेशभर में 3856 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। नकल रोकने के लिए फ्लाइंग स्क्वॉड, सीसीटीवी निगरानी और थानों से प्रश्न-पत्र निकालने तक वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई है। परीक्षाएं सुबह 9 बजे से 12 बजे तक आयोजित की जा रही है। कक्षा 10वीं की परीक्षा में लगभग 9 लाख 7 हजार और कक्षा 12वीं की परीक्षा में करीब 7 लाख छात्र शामिल होंगे। भोपाल में कक्षा 10वीं के 30,746 और 12वीं के 26,627 छात्र परीक्षा देंगे। शहर में कुल 104 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।