इंदौर (मध्यप्रदेश), तीन मई (भाषा) भारत की अध्यक्षता में इंदौर में जून के दौरान ब्रिक्स के कृषि मंत्रियों की दो दिवसीय बैठक आयोजित होगी जिसमें खाद्य सुरक्षा, ‘स्मार्ट’ खेती, अंतरराष्ट्रीय कृषि व्यापार और किसान कल्याण सहित अलग-अलग महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी।
भारत के कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस आयोजन की तैयारियों को लेकर रविवार को शहर में अफसरों के साथ बैठक की और इंतजामों की समीक्षा की।
चौहान ने संवाददाताओं को बताया कि भारत की अध्यक्षता वाले ब्रिक्स के सदस्य देशों के कृषि मंत्रियों की बैठक इंदौर में 12 से 13 जून तक आयोजित होगी।
उन्होंने बताया कि मंत्रिस्तरीय बैठक से पहले, नौ से 11 जून तक शहर में ब्रिक्स के कृषि कार्य समूह के तहत अधिकारियों की तीन दिवसीय बैठक होगी।
चौहान ने बताया कि पांच दिवसीय जमावड़े में खाद्य सुरक्षा, किसान कल्याण, पोषण, जलवायु परिवर्तन के अनुसार ‘स्मार्ट’ कृषि, अंतरराष्ट्रीय कृषि व्यापार सुगमता, आपूर्ति श्रृंखला, डिजिटल कृषि, अनुसंधान, ज्ञान के आदान-प्रदान, कृत्रिम मेधा (एआई), मशीन लर्निंग, रोबोटिक्स आदि विषयों पर चर्चा होगी।
उन्होंने बताया कि बैठक में ब्रिक्स के कृषि मंत्रियों के बीच सहमति बनने के बाद संयुक्त घोषणा पत्र जारी किया जाएगा।
कृषि मंत्री ने कहा,’भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आयोजित होने वाली यह बैठक पूरी दुनिया के कृषि क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक अवसर साबित होगी। इस बैठक से दुनिया को नयी दिशा मिलेगी।’
चौहान ने बैठक के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि ब्रिक्स से जुड़े देशों में दुनिया की लगभग 42 प्रतिशत कृषि भूमि व 68 प्रतिशत किसान हैं और वैश्विक अनाज उत्पादन में इन देशों की भागीदारी 45 प्रतिशत है।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि बैठक में शामिल होने वाले प्रतिनिधियों का राज्य की अतिथि सत्कार परंपरा के मुताबिक जोरदार स्वागत किया जाएगा।
यादव ने कहा,‘‘संयोग से यह बैठक ऐसे वक्त आयोजित हो रही है, जब राज्य सरकार ने 2026 को कृषि कल्याण वर्ष घोषित किया है।’’
भाषा हर्ष जितेंद्र
जितेंद्र