Guest Teacher Salary Hike. Image Source- IBC24
भोपालः Guest Teacher Salary Hike मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में कई अहम फैसलों पर मुहर लगाई गई। बैठक के बाद कैबिनेट मंत्री चैतन्य काश्पय ने फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि राज्य सरकार विकास, तकनीक, कृषि और सामाजिक कल्याण के क्षेत्रों में बड़े कदम उठा रही है। राज्य में आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देने के लिए “स्टेट AI मिशन” प्रारम्भ करने का निर्णय लिया गया है। इस पहल के जरिए शासन-प्रशासन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग को बढ़ाया जाएगा, जिससे सेवाओं की गुणवत्ता और पारदर्शिता में सुधार होगा।
Guest Teacher Salary Hike कैबिनेट ने 6940 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं और योजनाओं की निरंतरता को मंजूरी दी है। रीवा जिले की महाना माइक्रो सिंचाई परियोजना को भी स्वीकृति दी गई है। यह परियोजना किसानों के लिए लाभकारी साबित होगी और सिंचाई सुविधाओं का विस्तार करेगी।
दिव्यांग संस्थानों में कार्यरत अतिथि शिक्षकों के मानदेय में वृद्धि करते हुए इसे 9 हजार रुपये से बढ़ाकर 18 हजार रुपये प्रति माह कर दिया गया है। इस निर्णय से शिक्षकों को आर्थिक राहत मिलेगी और संस्थानों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा। वहीं पूरक पोषण आहार योजना के तहत अति कम वजन वाले बच्चों के लिए दी जाने वाली राशि 8 रुपये से बढ़ाकर 12 रुपये प्रति माह कर दी गई है।
राज्य सरकार ने ओबीसी वर्ग के युवाओं के लिए “शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना” शुरू करने का फैसला लिया है। इस योजना के तहत होम गार्ड, अर्धसैनिक बलों और सुरक्षा एजेंसियों में भर्ती के लिए 4 हजार युवाओं को आवासीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान युवकों को 1 हजार रुपये और युवतियों को 1200 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।