भोपाल में दूसरे समुदाय की महिला के साथ होटल में मिले व्यक्ति को पीटकर सड़क पर घुमाया गया

Ads

भोपाल में दूसरे समुदाय की महिला के साथ होटल में मिले व्यक्ति को पीटकर सड़क पर घुमाया गया

  •  
  • Publish Date - May 12, 2026 / 06:45 PM IST,
    Updated On - May 12, 2026 / 06:45 PM IST

भोपाल, 12 मई (भाषा) भोपाल में दूसरे समुदाय की एक महिला के साथ होटल में मिले एक व्यक्ति के साथ कथित तौर पर दक्षिणपंथी संगठन के सदस्यों ने मारपीट की, उसके चेहरे पर गोबर पोता और उसे सड़क पर घुमाया। इस मामले में पुलिस ने मंगलवार को प्राथमिकी दर्ज की।

सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में कुछ लोग होटल के कमरे में घुसकर व्यक्ति के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि वह व्यक्ति दूसरे समुदाय की महिला के साथ होटल में पाया गया था।

वीडियो में बाद में आरोपियों को व्यक्ति के चेहरे पर गोबर पोतकर उसे भोपाल की सड़क पर घुमाते हुए भी देखा जा सकता है।

गोविंदपुरा थाने के प्रभारी अवधेश तोमर ने बताया कि 10 मई को हुई इस घटना के संबंध में मिली शिकायत के आधार पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धारा के तहत मामला दर्ज किया गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘मामले की जांच जारी है और घटना में शामिल लोगों को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।’’

इस घटना को अत्यंत गंभीर बताते हुए ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) ने आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत कार्रवाई की मांग की है।

एआईएमआईएम की ओर से जारी बयान के अनुसार पार्टी के मध्यप्रदेश अध्यक्ष मोहसिन अली खान इस मामले को लेकर भोपाल के ‘काजी-ए-शहर’ सैयद मुश्ताक अली नदवी से मुलाकात करेंगे।

भाषा दिमो जोहेब

जोहेब