मप्र : इंदौर-पीथमपुर आर्थिक गलियारे की नींव रखी गई, एक लाख करोड़ रुपये के निवेश पर नजर

Ads

मप्र : इंदौर-पीथमपुर आर्थिक गलियारे की नींव रखी गई, एक लाख करोड़ रुपये के निवेश पर नजर

  •  
  • Publish Date - May 3, 2026 / 03:49 PM IST,
    Updated On - May 3, 2026 / 03:49 PM IST

इंदौर, तीन मई (भाषा) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रविवार को सूबे की आर्थिक राजधानी कहलाने वाले इंदौर और सबसे बड़े औद्योगिक क्षेत्र पीथमपुर के बीच एक महत्वाकांक्षी आर्थिक गलियारे की नींव रखी।

अधिकारियों के मुताबिक राज्य सरकार को इस परियोजना के जरिये एक लाख करोड़ रुपये के नये निवेश के आकर्षित होने की उम्मीद है।

यादव ने इंदौर जिले के नैनोद गांव में एक भव्य समारोह के दौरान इंदौर-पीथमपुर आर्थिक गलियारे के पहले चरण की नींव रखी।

उन्होंने समारोह में कहा,‘‘उज्जैन-इंदौर मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र में आने वाला यह गलियारा राज्य के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।’’ यादव ने बताया कि राज्य सरकार विकास को रफ्तार देने के लिए 48 नये औद्योगिक पार्क और छह ‘एक्सप्रेस-वे’ विकसित कर रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि उनकी सरकार के कार्यकाल में नौ लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की निवेश परियोजनाएं जमीन पर उतरी हैं।

उन्होंने कहा कि देश के जिन राज्यों में सर्वाधिक तेज गति से नये उद्योग लग रहे हैं, उनमें मध्यप्रदेश शामिल है।

यादव ने जोर देकर कहा कि राज्य सरकार औद्योगिक विकास में किसानों को भी भागीदार बना रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने भूमि अधिग्रहण के बदले किसानों को जमीन की सरकारी दर से चार गुना मुआवजा देने का फैसला किया है।

अधिकारियों ने बताया कि इंदौर-पीथमपुर आर्थिक गलियारे की कुल लागत लगभग 2,365 करोड़ रुपये है। परियोजना के पहले चरण के तहत 350 करोड़ रुपये से ज्यादा की लागत से 20 किलोमीटर लंबी और 75 मीटर चौड़ी सड़क बनाई जाएगी। उन्होंने बताया कि परियोजना के जरिये प्रदेश सरकार को सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी), सूचना प्रौद्योगिकी सक्षम सेवाओं (आईटीईएस), वित्तीय प्रौद्योगिकी (फिनटेक), डेटा सेंटर, वैश्विक क्षमता केंद्रों (जीसीसी), हरित उद्योगों, ज्ञान आधारित उद्योगों और अन्य क्षेत्रों में एक लाख करोड़ रुपये के नये निवेश की उम्मीद है।

अधिकारियों के मुताबिक इस निवेश के जमीन पर उतरने से छह लाख लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेंगे।

अधिकारियों ने बताया कि इंदौर-पीथमपुर आर्थिक गलियारा दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे, अलग-अलग राष्ट्रीय राजमार्गों, इनलैंड कंटेनर डिपो और रेल नेटवर्क के साथ ही इंदौर के हवाई अड्डे व कार्गो टर्मिनल से जुड़ा होगा जिससे औद्योगिक उत्पादन और लॉजिस्टिक्स (माल के परिवहन एवं आपूर्ति का काम) को गति मिलेगी।

उन्होंने बताया कि लगभग 1,316 हेक्टेयर क्षेत्र में फैली इस परियोजना के तहत मुख्य सड़क के दोनों ओर 300-300 मीटर क्षेत्र में सुनियोजित विकास किया जाएगा जिसमें औद्योगिक, वाणिज्यिक और रिहायशी केंद्र शामिल होंगे।

भाषा हर्ष जितेंद्र

जितेंद्र