इंदौर (मध्यप्रदेश), 20 जुलाई (भाषा) इंदौर पुलिस ने सोमवार को दावा किया कि उसने नशे के खिलाफ एक अभियान के तहत 8,534 लोगों की मानव श्रृंखला बनाकर कीर्तिमान स्थापित किया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ अभियान के तहत बनाई गई मानव श्रृंखला में पुलिस कर्मियों के साथ ही नगर सुरक्षा समिति के सदस्यों, विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और अन्य लोगों ने भाग लिया।
अधिकारियों ने बताया कि मानव श्रृंखला को लेकर पुलिस ने वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स लंदन के प्रतिनिधियों के सामने कीर्तिमान का दावा किया।
उन्होंने बताया कि इस दावे को लेकर इंदौर पुलिस आयुक्तालय के नाम अनंतिम प्रमाण-पत्र जारी किया गया है।
मानव श्रृंखला बनाए जाने के दौरान एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस आयुक्त सिंह ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है।
उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और अन्य लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
भाषा हर्ष
धीरज
धीरज