इंदौर हवाई अड्डे पर जांच में संक्रमित निकली बुजुर्ग महिला को दुबई की उड़ान में सवार होने से रोका गया

Ads

इंदौर हवाई अड्डे पर जांच में संक्रमित निकली बुजुर्ग महिला को दुबई की उड़ान में सवार होने से रोका गया

  •  
  • Publish Date - October 27, 2021 / 12:59 PM IST,
    Updated On - October 27, 2021 / 12:59 PM IST

इंदौर (मप्र), 27 अक्टूबर (भाषा) इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बुधवार को त्वरित जांच में कोरोना वायरस से संक्रमित पाई गई 72 वर्षीय महिला को एयर इंडिया की इंदौर-दुबई उड़ान में सवार होने से रोक दिया गया। इसके बाद महिला को संक्रमित मरीजों के लिए बनाए गए स्थानीय देखभाल केंद्र में भर्ती करा दिया गया।

स्वास्थ्य विभाग की चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रियंका कौरव ने ‘‘पीटीआई-भाषा’’ को बताया, ‘‘इंदौर-दुबई की साप्ताहिक उड़ान के हर यात्री की स्थानीय हवाई अड्डे पर रैपिड आरटी-पीसीआर जांच की जाती है। इस तय प्रक्रिया के मुताबिक बुधवार को 104 यात्रियों की जांच की गई और इनमें शामिल 72 वर्षीय महिला संक्रमित पाई गई।’’

उन्होंने बताया कि संक्रमित महिला इंदौर के बिजलपुर क्षेत्र की रहने वाली है और वह कोविड-19 रोधी टीके की दोनों खुराक पहले ही ले चुकी है। कौरव ने बताया, ‘‘हमने संक्रमित महिला को एहतियातन इंदौर में कोविड-19 के मरीजों के लिए बनाए गए देखभाल केंद्र भेज दिया है। हालांकि, महिला में संक्रमण का कोई भी लक्षण नहीं है। महिला के मुताबिक हाल के दिनों में उसने इंदौर के बाहर कोई यात्रा भी नहीं की है।’’

इससे पहले, 26 वर्षीय युवक को 15 सितंबर को और 68 वर्षीय महिला को 13 अक्टूबर को एयर इंडिया की हर बुधवार चलने वाली इंदौर-दुबई उड़ान में सवार होने से रोक दिया गया था क्योंकि वे इंदौर के हवाई अड्डे पर त्वरित जांच में कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए थे।

भाषा हर्ष हर्ष सुरभि

सुरभि