उदयपुर के दर्जी के हत्यारों को जल्द फांसी की मांग को लेकर बंद रहे इंदौर के बाजार

Ads

उदयपुर के दर्जी के हत्यारों को जल्द फांसी की मांग को लेकर बंद रहे इंदौर के बाजार

  •  
  • Publish Date - June 30, 2022 / 04:15 PM IST,
    Updated On - June 30, 2022 / 04:15 PM IST

इंदौर (मप्र), 30 जून (भाषा) राजस्थान के उदयपुर में दर्जी कन्हैयालाल के जघन्य हत्याकांड में शामिल लोगों को जल्द से जल्द फांसी की सजा की मांग को लेकर इंदौर के थोक बाजार बृहस्पतिवार को आधे दिन बंद रहे।

कारोबारी संगठनों के महासंघ अहिल्या चैम्बर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष रमेश खंडेलवाल ने बताया कि किराना जिंसों, जेवरात, बर्तनों, लोहा उत्पादों, कपड़ों आदि के थोक कारोबार से जुड़े बाजार कन्हैयालाल हत्याकांड के विरोध में आधे दिन बंद रहे।

खंडेलवाल ने कहा, ‘‘कन्हैयालाल की जघन्य हत्या से व्यापार जगत आक्रोशित है। हमारी मांग है कि उनके हत्यारों को जल्द से जल्द फांसी की सजा दिलाई जाए।’’

गौरतलब है कि इंदौर में छह जुलाई को नगर निगम चुनावों का मतदान होना है। चुनावी सरगर्मियों के बीच भाजपा और कांग्रेस, दोनों धुर-विरोधी दलों ने व्यापारियों के बंद को समर्थन दिया है।

इस बीच, बजरंग दल और अन्य दक्षिणपंथी संगठनों ने कन्हैयालाल हत्याकांड पर आक्रोश जाहिर करते हुए शहर के कई स्थानों पर आतंकवाद के प्रतीक व राजस्थान की कांग्रेस सरकार के पुतले फूंके।

भाषा हर्ष सुरेश

सुरेश