भोपाल, 11 अगस्त (भाषा) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने मंगलवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर संसद की कार्यवाही ‘बाधित’ करने, जंतर-मंतर के प्रदर्शन का राजनीतिकरण करने और झारखंड में छात्रों के आंदोलन की ‘अनदेखी’ करने का आरोप लगाया।
मोहन यादव ने यहां पत्रकारों से कहा कि पिछले 15 दिनों से राहुल गांधी और विपक्ष संसद की कार्यवाही बाधित कर देश और समाज को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘जब हम नीट की बात करते हैं तो वे जंतर-मंतर पर गोली चलने की बात करते हैं। जबकि वहां कोई गोली चली ही नहीं।’’
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘राहुल गांधी एक ओर छात्रों की बात करते हैं, लेकिन झारखंड के मुद्दों से बचते हैं। मुझे लगता है कि राहुल गांधी को देश से माफी मांगनी चाहिए।’’
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता में हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि यदि राहुल गांधी वास्तव में राष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा चाहते हैं, तो उन्हें संसद चलने देनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि गृह मंत्री अमित शाह हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार थे, लेकिन राहुल गांधी सदन की कार्यवाही नहीं चलने दे रहे।
भाषा गोला अमित
अमित