मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री सहयोग सम्मेलन में ‘एक जिला-एक उत्पाद’ पहल प्रस्तुत करेंगे

Ads

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री सहयोग सम्मेलन में ‘एक जिला-एक उत्पाद’ पहल प्रस्तुत करेंगे

  •  
  • Publish Date - March 30, 2026 / 02:48 PM IST,
    Updated On - March 30, 2026 / 02:48 PM IST

भोपाल, 30 मार्च (भाषा) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव 31 मार्च को उत्तर प्रदेश में आयोजित होने जा रहे सहयोग सम्मेलन में राज्य की ‘एक जिला-एक उत्पाद’ (ओडीओपी) पहल प्रस्तुत करेंगे। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि पुरस्कार प्राप्त ‘ओडीओपी’ पहल को राज्य में एक प्रभावी आर्थिक मॉडल के रूप में विकसित किया गया है, जिसके तहत स्थानीय उत्पादों को बाजार, निर्यात और रोजगार से जोड़ा जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इस पहल के माध्यम से प्रत्येक जिले के विशिष्ट उत्पादों की पहचान कर उन्हें उत्पादन, प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन, ब्रांडिंग, पैकेजिंग और बाजार तक पहुंच से जोड़ा गया है।

अधिकारी ने बताया कि मध्यप्रदेश में यह पहल केवल पारंपरिक उत्पादों के संरक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे एक व्यापक मूल्य श्रृंखला के रूप में विकसित किया गया है, जो कारीगरों, किसानों और छोटे उद्यमियों को सतत आर्थिक अवसर प्रदान करती है और राज्य के प्रत्येक हिस्से की आर्थिक क्षमता का उपयोग करती है।

उन्होंने बताया कि ब्रांडिंग, पैकेजिंग, भौगोलिक संकेतक (जीआई) टैगिंग और ई-कॉमर्स के माध्यम से उत्पादों की प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाई जा रही है, जिससे स्थानीय उत्पाद वैश्विक बाजार में अपनी पहचान मजबूत कर रहे हैं।

अधिकारी ने बताया कि वाराणसी में आयोजित मध्यप्रदेश-उत्तर प्रदेश सम्मेलन में ‘ओडीओपी’ के प्रभावी क्रियान्वयन और इसके भविष्य की दिशा पर चर्चा होगी, जिसमें दोनों राज्यों के मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और नीति-निर्माता भाग लेंगे।

उन्होंने कहा कि इस मंच के माध्यम से मध्यप्रदेश अपने अनुभव साझा करेगा और यह प्रदर्शित करेगा कि ‘ओडीओपी’ को किस प्रकार एक व्यावहारिक, रोजगारोन्मुख और निर्यातोन्मुख मॉडल के रूप में लागू किया जा सकता है।

राज्य में ‘ओडीओपी’ पहल के तहत 50 से अधिक जिलों के विशिष्ट उत्पादों की पहचान कर उन्हें एक सुदृढ़ आर्थिक ढांचे में शामिल किया गया है।

अधिकारी ने बताया कि मुरैना-भिंड का सरसों, ग्वालियर की बलुआ पत्थर की टाइल्स, अशोकनगर का चंदेरी कपड़ा और उज्जैन का बटिक सहित विभिन्न जिलों के उत्पादों को ‘ओडीओपी’ के तहत बढ़ावा दिया जा रहा है।

भाषा दिमो खारी

खारी

शीर्ष 5 समाचार