भिंड, 21 फरवरी (भाषा) मध्यप्रदेश के भिंड जिले में शनिवार तड़के एक तेज रफ्तार बस और वैन की टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई और छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-719 पर गोहद चौराहा थाना क्षेत्र के छिमका गांव के पास तड़के हुआ।
थाना प्रभारी मनीष धाकड़ ने बताया कि हादसे में खाली बस ने वैन को टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग फंस गए।
थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार घायलों को बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने बताया कि वैन में सवार लोग ग्वालियर से भिंड जा रहे थे, जबकि बस शादी समारोह से यात्रियों को उतारने के बाद ग्वालियर लौट रही थी और उसमें कोई यात्री सवार नहीं था।
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने के बाद बहाल कर दिया गया।
अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) रवींद्र वास्कले ने बताया कि मृतकों की पहचान भारत शर्मा, अतुल शिवहरे, जगदीश भदौरिया, प्रदीप प्रजापति और आनंद भदौरिया के रूप में हुई है। सभी की उम्र 25 से 50 वर्ष के बीच थी।
उन्होंने बताया कि घायलों में केतु शर्मा (10), संतोष शर्मा (37), मेवाराम भदौरिया (61), रामलखन (59), मीरा (30) और सुखवीर शर्मा (50) शामिल हैं, जिनका ग्वालियर में इलाज जारी है।
भाषा सं दिमो शफीक
शफीक