मप्र: रेल मंडल ने सौर ऊर्जा उत्पादन से बिजली के बिल में बचाए 1.84 करोड़ रुपये

Ads

मप्र: रेल मंडल ने सौर ऊर्जा उत्पादन से बिजली के बिल में बचाए 1.84 करोड़ रुपये

  •  
  • Publish Date - April 27, 2026 / 10:51 PM IST,
    Updated On - April 27, 2026 / 10:51 PM IST

इंदौर (मध्यप्रदेश), 27 अप्रैल (भाषा) पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल ने वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान 35.53 लाख इकाई सौर ऊर्जा का उत्पादन किया जिससे उसके बिजली बिल में लगभग 1.84 करोड़ रुपये की बचत हुई है। रेलवे के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया,“वर्तमान में मंडल के विभिन्न स्थानों पर लगभग 3,300 किलोवाट क्षमता के सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित हैं। इनसे गुजरे वित्त वर्ष में 35.53 लाख इकाई सौर ऊर्जा का उत्पादन हुआ।”

उन्होंने बताया कि पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम करने के लिए मंडल के अलग-अलग कार्यालयों, कोचिंग डिपो, प्लेटफॉर्म कवर शेड, स्टेशन भवनों और अन्य परिसरों की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाए गए हैं और इनकी संख्या लगातार बढ़ाई जा रही है।

कुमार ने कहा,’यह कदम आर्थिक बचत के साथ ही पर्यावरण संरक्षण और कार्बन उत्सर्जन में कमी के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है।’

भाषा हर्ष

शोभना

शोभना