मप्र : अवैध शराब जब्त करने गए पुलिस दल पर पथराव, उप निरीक्षक समेत दो कर्मी घायल

Ads

मप्र : अवैध शराब जब्त करने गए पुलिस दल पर पथराव, उप निरीक्षक समेत दो कर्मी घायल

  •  
  • Publish Date - March 17, 2026 / 08:46 PM IST,
    Updated On - March 17, 2026 / 08:46 PM IST

इंदौर, 17 मार्च (भाषा) मध्यप्रदेश के इंदौर जिले में अवैध शराब जब्त करने गए पुलिस दल पर 10 से ज्यादा लोगों ने पथराव कर दिया जिसमें एक उप निरीक्षक समेत दो कर्मी घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) उमाकांत चौधरी ने संवाददाताओं को बताया कि यह घटना तब हुई, जब पुलिस का दल मुखबिर की सूचना पर सोमवार और मंगलवार की दरम्यानी रात सिमरोड गांव में एक कच्चे मकान में छिपाई गई अवैध शराब जब्त करने गया था।

उन्होंने बताया,‘‘पुलिस दल पर 10 से ज्यादा ग्रामीणों ने पथराव किया जिसमें एक उप निरीक्षक और एक आरक्षक घायल हो गए। पथराव के बाद ये लोग अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।’’

डीएसपी ने बताया कि पथराव की सूचना मिलते ही पुलिस का अतिरिक्त बल मौके पर भेजा गया और आबकारी अधिनियम के प्रावधानों के तहत कुल 1,200 बल्क लीटर देशी और विदेशी शराब जब्त की गई जिसकी कीमत तकरीबन पांच लाख रुपये है।

उन्होंने बताया कि पुलिस दल पर पथराव करने वाले 10 से ज्यादा लोगों पर भारतीय न्याय संहिता के संबद्ध प्रावधानों में मामला दर्ज किया गया है और आरोपियों की तलाश जारी है।

भाषा हर्ष

अमित

अमित