मप्र : लिव-इन जोड़ीदार से झगड़े के बाद महिला ने दी जान

Ads

मप्र : लिव-इन जोड़ीदार से झगड़े के बाद महिला ने दी जान

  •  
  • Publish Date - November 20, 2025 / 01:17 PM IST,
    Updated On - November 20, 2025 / 01:17 PM IST

इंदौर (मध्यप्रदेश), 20 नवंबर (भाषा) इंदौर में अपने लिव-इन जोड़ीदार से झगड़े के बाद 33 वर्षीय महिला ने एक बहुमंजिला आवासीय इमारत की छठी मंजिल से कथित तौर पर छलांग लगाकर जान दे दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश दंडोतिया ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि अपने लिव-इन जोड़ीदार से झगड़े के बाद महिला ने राऊ थाना क्षेत्र की एक बहुमंजिला आवासीय इमारत की छठी मंजिल से बुधवार रात कथित तौर पर छलांग लगा दी और जमीन पर गिरने के बाद उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

उन्होंने बताया,’महिला शहर के एक निजी विद्यालय में तैराकी की प्रशिक्षक थी, जबकि उसका लिव-इन जोड़ीदार टैक्सी चलाता है। वे बहुमंजिला इमारत के फ्लैट में साथ रहते थे।’

दंडोतिया ने बताया कि महिला की कथित आत्महत्या को लेकर उसके लिव-इन जोड़ीदार से पूछताछ की जा रही है।

घटना के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस उपायुक्त श्रीकृष्ण लालचंदानी ने बताया,‘‘दोनों लिव-इन जोड़ीदार पिछले 10 साल से साथ रह रहे थे। दोनों पहले से शादीशुदा थे लेकिन उन्होंने लिव-इन में रहने के लिए अपने अपने जीवनसाथी को छोड़ दिया था।’’

उन्होंने बताया कि मौके के मुआयने से लगता है कि महिला ने किचन में रसोई गैस के सिलेंडर का पाइप निकाल कर खुद को आग लगाने की कोशिश की थी, लेकिन इसमें असफल होने पर वह बहुमंजिला आवासीय इमारत की छठी मंजिल से कूद गई।

डीसीपी ने बताया कि पुलिस घटना की विस्तृत जांच कर रही है और इसके बाद उचित कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

भाषा हर्ष नरेश

नरेश