बंगाल में ममता बनर्जी का “खौफ” खत्म और मोदी का “करिश्मा पूरे देश में कायम : सारंग

Ads

बंगाल में ममता बनर्जी का “खौफ” खत्म और मोदी का “करिश्मा पूरे देश में कायम : सारंग

  •  
  • Publish Date - May 4, 2026 / 03:46 PM IST,
    Updated On - May 4, 2026 / 03:46 PM IST

भोपाल, चार मई (भाषा) मध्यप्रदेश के मंत्री विश्वास सारंग ने सोमवार को कहा कि पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी का “खौफ” खत्म हो गया है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का “करिश्मा पूरे देश में कायम है”।

निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर मौजूद रुझानों के अनुसार, पश्चिम बंगाल में भाजपा 194 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जबकि सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस 89 सीटों पर आगे है। ममता बनर्जी 2011 से राज्य की मुख्यमंत्री हैं।

सारंग ने यहां संवाददाताओं से कहा, “ममता दीदी का खौफ खत्म हो गया है, नरेंद्र मोदी पर भरोसा फिर कायम हुआ है। मोदी का करिश्मा पूरे देश में है। कमल की लहर देशभर में चल रही है। बंगाल और असम दोनों में अब डबल इंजन की सरकार बनेगी।”

उन्होंने कहा कि आज से ‘दीदी राज’ का अंत हो रहा है और राज्य में भाजपा की सरकार बनने जा रही है। सारंग ने कहा कि बंगाल के परिणाम देश की राजनीति को एक बड़ा संदेश देंगे और विकास के नए आयाम स्थापित होंगे।

गोरखपुर से भाजपा सांसद और अभिनेता रवि किशन ने ‘पीटीआई-वीडियो’ से बातचीत में कहा कि असम में उनकी पार्टी के अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद थी।

उन्होंने कहा, “असम में जो माहौल था, वह अपेक्षित था। प्रधानमंत्री मोदी, मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व शर्मा के काम और भाजपा की नीतियों के कारण यह जीत मिली है। गरीब कल्याण और बेटियों के सशक्तिकरण ने इसमें अहम भूमिका निभाई है।”

असम में 126 सीटों में से भाजपा 74 सीटों पर आगे चल रही थी, जबकि कांग्रेस 20 सीटों पर बढ़त बनाए हुए थी।

भाषा सं दिमो मनीषा रंजन

रंजन