जबलपुर, तीन मई (भाषा) मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले में बरगी बांध में हुए क्रूज हादसे में रविवार सुबह पांच वर्षीय बालक का शव मिलने के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है, जबकि एक व्यक्ति अब भी लापता है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार राज्य पर्यटन विभाग द्वारा संचालित करीब 20 वर्ष पुराना क्रूज बृहस्पतिवार शाम तूफान के दौरान पलट गया था।
बरगी थाना प्रभारी नीलश डोहरे ने बताया कि मयूरम (5) का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि खमरिया आयुध निर्माणी के कर्मचारी कमराज (50) की तलाश जारी है।
उन्होंने बताया कि आगरा से हवाई मार्ग से लाए गए सेना के करीब 20 गोताखोरों सहित 200 से अधिक बचावकर्मी, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और स्थानीय गोताखोर 40-50 फुट गहराई में लगभग पांच किलोमीटर के दायरे में खोज अभियान संचालित कर रहे हैं।
पुलिस ने पहले बताया था कि सीसीटीवी फुटेज के अनुसार क्रूज की ओर 43 लोग जा रहे थे।
उसने बताया कि इनमें से अब तक 41 यात्रियों की पहचान की पुष्टि हो चुकी है जिनमें से 28 लोगों को घटना के बाद बचा लिया गया था।
राज्य सरकार ने शुक्रवार को हादसे की जांच के आदेश दिए और चालक दल के तीन सदस्यों को बर्खास्त कर दिया। साथ ही राज्य में इसी तरह के क्रूज के संचालन पर रोक लगा दी गई है।
भाषा सं दिमो शोभना
शोभना