भोपाल, 21 नवंबर (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने शुक्रवार को भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी का कोई भी नेता पूर्व उपराष्ट्रपति के स्वागत के लिए यहां हवाई अड्डे पर नहीं पहुंचा और यह पार्टी की ‘इस्तेमाल करो और फेंको’ नीति को दर्शाता है।
चार महीने पहले उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा देने के बाद, धनखड़ ने शुक्रवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के वरिष्ठ पदाधिकारी मनमोहन वैद्य की लिखी एक किताब के विमोचन कार्यक्रम में पहला सार्वजनिक संबोधन दिया।
हवाई अड्डे पर भाजपा नेताओं की गैरमौजूदगी पर प्रतिक्रिया देते हुए सिंह ने कहा कि भाजपा केवल उन्हीं लोगों को महत्वपूर्ण मानती है जो उसके हितों की पूर्ति करते हैं।
उन्होंने संवाददाताओं से बात करते हुए कहा, ‘यह इस्तेमाल करो और फेंको की नीति पर चलती है।’
राज्यसभा सदस्य ने कहा, ‘मैं आरएसएस के बारे में यह नहीं कह सकता क्योंकि वह उनके कार्यक्रम में शामिल होने आए थे।’
सिंह ने यह भी कहा कि उन्होंने पूर्व उपराष्ट्रपति के साथ आए अधिकारी से धनखड़ से मिलने के लिए समय मांगा था।
भाषा दिमो
जोहेब
जोहेब