Reported By: Dhanendra Pratap Singh
,रीवा: Rewa Crime News मध्य प्रदेश की रीवा पुलिस ने सतना जिले से लापता युवक की हत्या का सनसनीखेज खुलासा करते हुए उसकी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि पत्नी ने अपने प्रेमी और उसके एक साथी के साथ मिलकर युवक की हत्या की थी। हत्या के बाद शव को गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के टीकर गांव में दफना दिया गया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इधर पुलिस ने आरोपी पत्नी और प्रेमी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
Rewa Crime News पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 20 वर्षीय विपिन कुमार यादव, निवासी मौहार भगदेवरा, जिला सतना के रूप में हुई है। परिजनों ने 28 अप्रैल 2026 को रामपुर बघेलान थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। मृतक के पिता ने पुलिस को बताया था कि 24 अप्रैल को उसके ससुर का टीकर गांव निवासी सुनील कुशवाहा उनके घर आया था और अगले दिन विपिन के साथ निकला था। इसके बाद से विपिन का कोई पता नहीं चला। पुलिस के अनुसार संदेही सुनील कुशवाहा लगातार फरार था और मोबाइल भी बंद रखे हुए था। 7 जुलाई को गोविंदगढ़ थाना पुलिस ने एक अन्य मामले में उसे गिरफ्तार किया। सूचना मिलने पर रामपुर बघेलान पुलिस ने उससे पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। आरोपी ने बताया कि घटना के दिन कुछ विवाद विवाद हुआ था, जिसके बाद उसने अपने साथियों के साथ मिलकर विपिन की हत्या की और शव को पहले कुंए में फेंक दिया, फिर गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के टीकर गांव में जमीन में दफना दिया।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक की पत्नी आंचल यादव अपने मायके टीकर गांव में रह रही थी। पुलिस का कहना है कि उसका आरोपी सुनील कुशवाहा से प्रेम प्रसंग था और इसी संबंध के चलते हत्या की साजिश रची गई। पिछले छह महीने की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की जांच में दोनों के बीच प्रतिदिन 20 से 30 बार लंबी बातचीत होने की पुष्टि होने का दावा पुलिस ने किया है। आरोपी की निशानदेही पर तहसीलदार की मौजूदगी में जमीन की खुदाई कर क्षत-विक्षत शव बरामद किया गया, जिसे पोस्टमार्टम के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने आरोपी सुनील कुशवाहा और मृतक की पत्नी आंचल यादव को हिरासत में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। 74 दिनों तक लापता रहे युवक की हत्या का खुलासा होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस अब इस मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और हत्या की पूरी साजिश की जांच में जुटी हुई है।