भोपाल, 25 मार्च (भाषा) मध्यप्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बुधवार को कहा कि राज्य में पेट्रोल व डीजल की कोई कमी नहीं है और लोगों को अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘‘पेट्रोल और डीजल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। डिपो से उनकी निरंतर आपूर्ति हो रही है। लोग घबराकर खरीदारी या भंडारण न करें।’’
मंत्री ने बताया कि अफवाहों के कारण कुछ जिलों में पेट्रोल पंप पर कतारें देखी गईं।
राजपूत ने कहा कि तेल कंपनियों ने जानकारी दी है कि राज्य में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार है और उनकी कीमतों में कोई वृद्धि नहीं हुई है।
उन्होंने बताया कि भोपाल में स्थित राज्य नियंत्रण कक्ष और प्रशासन स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।
पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच सरकारी तेल कंपनियों ने भी बुधवार को कहा कि देश में पेट्रोल, डीजल या एलपीजी की कोई कमी नहीं है और लोग सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें।
भाषा दिमो जोहेब
जोहेब