Reported By: Shailendra Dwivedi
,Tikamgarh Double Murder /Photo Credit: IBC24
Tikamgarh Double Murder: टीकमगढ़ के दिगौड़ा थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग दंपति की हत्या का मामला सामने आया है। मृतकों की पहचान 65 वर्षीय चैनु घोष और 63 वर्षीय पाना बाई घोष के रूप में हुई है। हत्या की इस वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस के अनुसार, हत्या की वजह जमीनी विवाद बताया जा रहा है। यह घटना दिगौड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम रामनगर-बछोड़ा में देर रात हुई। दंपति खेत पर सो रहे थे, तभी उन पर हमला किया गया। उनके सिर और हाथ-पैरों पर कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों से हमले के गंभीर निशान मिले हैं।
जानकारी के मुताबिक, दंपति पिछले दो वर्षों से करीब एक हेक्टेयर जमीन पर रह रहे थे। बताया जाता है कि यह जमीन पाना बाई घोष के पिता ने उनके नाम की थी। इस जमीन को लेकर दूर के रिश्तेदारों के साथ उनका विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि, पिछले एक महीने में तीन बार विवाद की स्थिति बनी थी। इस मामले में रतिभान घोष और उसके पिता वीरन घोष पर आरोप लगाए जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही दिगौड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। पंचनामा की कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। डॉग स्क्वायड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की मदद से घटनास्थल की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस जमीनी विवाद को हत्या की वजह मानकर सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।