मुंबई, 27 जून (भाषा) मुंबई में एक जुलूस के दौरान संदिग्ध गोलियां बांटते पाए जाने पर एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि यह गोली खाने के बाद एक व्यक्ति की तबीयत बिगड़ गई।
एक अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को दक्षिण मुंबई के बायकुला इलाके में गोलियां बांटते हुए पकड़े जाने के बाद, उस व्यक्ति ने दावा किया कि वे दर्द निवारक गोलियां थीं।
उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति ने जब एक गोली खाई, तो उसे उल्टी और बेचैनी महसूस हुई, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गोलियों के वितरण को रोका।
पुलिस ने बताया कि प्रभावित व्यक्ति खतरे से बाहर है।
अधिकारी ने बताया कि गोलियां बांटने वाले व्यक्ति के खिलाफ भायखला थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धारा के तहत मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने कहा कि मामले की जांच चल रही है।
भाषा
राखी राजकुमार
राजकुमार