ठाणे , 12 अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे में एक स्वघोषित तांत्रिक को काला-जादू करने एवं बीमारी से निजात दिलाने के बहाने 30 वर्षीय महिला पर यौन हमला करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस इस कथित अपराध का वीडियो रिकार्ड करने तथा उसे सोशल मीडिया पर डालने में शामिल तांत्रिक के एक अज्ञात साथी को तलाशने में जुट गयी है।
पुलिस के मुताबिक, भिवंडी इलाके के मौलाना इस्माइल (50) ने कथित तौर पर एक जून, 2024 और 10 अगस्त, 2026 के बीच यह अपराध किया।
मामला तब और गंभीर हो गया जब इस्माइल ने महिला को बताया कि किसी अनजान व्यक्ति ने कथित यौन हमले की घटना को रिकॉर्ड कर लिया था और बाद में वे क्लिप ऑनलाइन लीक हो गए।
एक अधिकारी ने बताया कि महिला की शिकायत के बाद, पुलिस ने मंगलवार को इस्माइल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, महाराष्ट्र मानव बलि और अन्य अमानवीय, दुष्ट और अघोरी प्रथाओं और काला जादू की रोकथाम एवं उन्मूलन अधिनियम और आईटी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया।
उन्होंने कहा कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा अब उस व्यक्ति को तलाशा जा रहा है जिसने वीडियो बनाये थे।
भाषा राजकुमार नरेश
नरेश