मुंबई, 23 अप्रैल (भाषा) फिल्म महोत्सवों में पसंद की गई निर्देशक ऋत्विक पारीक की फिल्म ‘डुग डुग’, जो एक छोटे शहर में धार्मिक उन्माद पर आधारित हास्य व्यंग्य है, अगले महीने रिलीज के लिए तैयार है। अनुराग कश्यप, निखिल आडवाणी, विक्रमादित्य मोटवाने और वासन बाला इस फिल्म के कार्यकारी निर्माता हैं।
फिल्म के निर्माताओं ने बृहस्पतिवार को कॉमेडी, रहस्य तथा व्यंग्य पर आधारित इस फिल्म के 8 मई को भारतीय सिनेमाघरों में रिलीज होने की घोषणा की।
सच्ची घटनाओं से प्रेरित यह फिल्म धर्म के व्यावसायीकरण पर केंद्रित है जिसमें एक गांव में एक मृत व्यक्ति की मोटरसाइकिल को इच्छा पूरी करने वाला मानकर उसकी पूजा होने लगती है और शराब चढ़ाई जाने लगती है।
फिल्म का विश्व प्रीमियर 2021 में टोरंटो अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में हुआ था, जिसके बाद इसे सांता बारबरा अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव, भारतीय फिल्म महोत्सव मेलबर्न, भारतीय फिल्म महोत्सव लॉस एंजिलिस, मामी मुंबई फिल्म महोत्सव और केरल अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव जैसे कई अंतरराष्ट्रीय मंचों पर दिखाया गया।
कश्यप ने फिल्म की तारीफ करते हुआ कहा कि वह ‘डुग डुग’ की कहानी कहने की शैली, सिनेमेटोग्राफी और संगीत से मुग्ध हो गए।
उन्होंने एक बयान में कहा कि फिल्म के थिएटर रिलीज के लिए चारों निर्माता साथ आए तथा वे फिल्म को खूब प्यार मिलने की कामना करते हैं।
मोटवाने ने भी फिल्म की तारीख की।
ऋत्विक ने कहा कि फिल्म में बेबाकी से बात कही गयी है जो हास्य से भरी है तथा उन्हें उम्मीद है कि फिल्म बड़ी संख्या में दर्शकों तक पहुंचेगी।
आडवाणी ने इसे एक विशुद्ध भारतीय फिल्म बताया। बाला ने भी फिल्म की तारीफ करते हुए कहा कि वह इसकी कहानी से मोहित हो गए।
‘डुग डुग’ फिल्म ऋत्विक और उनकी बहन प्रेरणा पारीक की ‘बोटल रॉकेट पिक्चर्स’ द्वारा निर्मित है जिसकी पटकथा भी ऋत्विक ने ही लिखी है।
फिल्म में अल्ताफ खान, गौरव सोनी, योगेंद्र सिंह और दुर्गा लाल सैनी मुख्य किरदार में नजर आएंगे।
भाषा Intern वैभव
वैभव