बारामती उपचुनाव: सुप्रिया सुले ने प्रचार के अंतिम दिन सुनेत्रा के लिए रिकॉर्ड जनादेश का आह्वान किया

Ads

बारामती उपचुनाव: सुप्रिया सुले ने प्रचार के अंतिम दिन सुनेत्रा के लिए रिकॉर्ड जनादेश का आह्वान किया

  •  
  • Publish Date - April 21, 2026 / 07:23 PM IST,
    Updated On - April 21, 2026 / 07:23 PM IST

पुणे, 21 अप्रैल (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शप) सांसद सुप्रिया सुले ने मंगलवार को अपने चचेरे भाई दिवंगत अजित पवार की विरासत का आह्वान करते हुए मतदाताओं से अपील की कि वे प्रचार के अंतिम दिन बारामती विधानसभा उपचुनाव में उनकी भाभी उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार को रिकॉर्ड मतों के अंतर से जिताएं।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की प्रमुख सुनेत्रा पवार का चुनावी मुकाबला 22 उम्मीदवारों से है । सुनेत्रा के पति एवं प्रदेश के तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार की 28 जनवरी को एक विमान हादसे में मौत होने के कारण यह चुनाव जरूरी हो गया था।

सुले ने कहा, ‘‘किसी ने कभी नहीं सोचा था कि हमारे जीवन में यह दिन आएगा। आज भी कोई यह विश्वास नहीं कर पा रहा है कि अजित दादा अब हमारे बीच नहीं हैं। उनकी अनुपस्थिति का दर्द हमेशा हमारे साथ रहेगा।’’

उन्होंने मतदाताओं से सुनेत्रा पवार के लिए एकजुट होने का आग्रह किया और कहा कि निर्णायक जनादेश दिवंगत नेता को एक श्रद्धांजलि होगी।

दिवंगत नेता ने विधानसभा में आठ बार बारामती का प्रतिनिधित्व किया था।

लोकसभा सदस्य ने कहा, ‘‘मुझे उम्मीद थी कि यह चुनाव निर्विरोध होगा। दुर्भाग्य से कुछ लोगों ने चुनावी मैदान में बने रहने का विकल्प चुना। हालांकि, मुझे विश्वास है कि ‘वहिनी’ (मराठी भाषा में भाभी) रिकॉर्ड अंतर से जीत हासिल करेगी।’’

सुले ने कहा कि अजित पवार ने महाराष्ट्र में बारामती के लिए एक विशिष्ट पहचान बनाई थी और उनकी विरासत को आगे बढ़ाया जाना चाहिए।

सुले ने कहा, ‘‘महा विकास आघाडी, राकांपा (शप), सोनिया गांधी, उद्धव ठाकरे और राकांपा की ओर से मैं आपको आश्वस्त करती हूं कि सभी लोग सुनेत्रा पवार के साथ मजबूती से खड़े रहेंगे।’’

विमान दुर्घटना वाले दिन को याद करते हुए सुले ने बताया कि वह सुबह की सैर पर थीं जब उन्हें पार्थ पवार (अजित पवार के बेटे) का फोन आया। फोन पर उन्होंने सुले को घटना के बारे में सूचित किया।

भाषा यासिर रंजन

रंजन