अमित शाह के पुणे दौरे के दौरान कांग्रेस और भाजपा ने एक-दूसरे के खिलाफ किए प्रदर्शन

Ads

अमित शाह के पुणे दौरे के दौरान कांग्रेस और भाजपा ने एक-दूसरे के खिलाफ किए प्रदर्शन

  •  
  • Publish Date - August 1, 2026 / 01:54 PM IST,
    Updated On - August 1, 2026 / 01:54 PM IST

पुणे, एक अगस्त (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के शनिवार को लोकमान्य तिलक पुरस्कार समारोह में शामिल होने के लिए पुणे दौरे के दौरान कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने शहर में एक-दूसरे के खिलाफ प्रदर्शन किए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

कांग्रेस और वंचित बहुजन आघाड़ी (वीबीए) के कार्यकर्ता मार्केट यार्ड स्थित उत्सव चौक पर एकत्र होकर दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के आंदोलन के दौरान छात्र प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे, वहीं भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस भवन के पास एकत्र होकर अमित शाह के समर्थन में नारे लगा रहे थे।

ये प्रदर्शन शुक्रवार रात युवा कांग्रेस के कई नेताओं को एहतियातन हिरासत में लिए जाने के बाद हुए।

कांग्रेस की पुणे इकाई के अध्यक्ष प्रशांत जगताप ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘दिल्ली में क्या हुआ, यह हम सभी ने देखा। छात्रों के खिलाफ झूठे पुलिस मामले दर्ज किए गए। एक जिम्मेदार गृह मंत्री होने के बावजूद अमित शाह ने माफी नहीं मांगी। इसलिए हम उनके और उनके पुणे दौरे के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं।’’

इस बीच, पुलिस ने शुक्रवार देर रात युवा कांग्रेस के कुछ पदाधिकारियों को एहतियातन हिरासत में ले लिया।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘कांग्रेस कार्यकर्ताओं को प्रदर्शन के लिए निर्धारित स्थान दिया गया है। एहतियात के तौर पर हमने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है।’’

वहीं, भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस भवन के पास प्रदर्शन किया और अमित शाह के समर्थन में नारे लगाए।

भाजपा के एक कार्यकर्ता ने कहा, ‘‘कांग्रेस ने गृह मंत्री को काले झंडे दिखाने की धमकी दी है। वह अराजकता फैलाने की कोशिश कर रही है। हम यहां कांग्रेस भवन में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करने आए थे।’’

गृह मंत्री के दौरे को देखते हुए शहर के कई इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

शाह राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल को राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए प्रतिष्ठित लोकमान्य तिलक पुरस्कार प्रदान करने के लिए पुणे पहुंचे हैं।

भाषा गोला रंजन

रंजन