महाराष्ट्र में गोलीबारी की घटनाओं के पीछे विदेश से संचालित जबरन वसूली करने वाले गिरोह: फडणवीस

Ads

महाराष्ट्र में गोलीबारी की घटनाओं के पीछे विदेश से संचालित जबरन वसूली करने वाले गिरोह: फडणवीस

  •  
  • Publish Date - June 30, 2026 / 04:08 PM IST,
    Updated On - June 30, 2026 / 04:08 PM IST

मुंबई, 30 जून (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को कहा कि राज्य में हुई गोलीबारी की घटनाओं के पीछे विदेशों से संचालित संगठित वसूली गिरोहों का हाथ है। उनका यह बयान ऐसे वक्त आया है जब विपक्षी दलों ने इन मामलों तथा गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की कथित भूमिका की जांच की मांग की है।

विधानसभा में फडणवीस ने कहा कि केंद्र सरकार उन लोगों को वापस लाने की कोशिश कर रही है जो विदेशों से आपराधिक गिरोह संचालित कर रहे हैं और धमकियां देने के लिए वीपीएन और वर्चुअल नंबर का इस्तेमाल कर रहे हैं।

वह राज्य में हाल में हुई गोलीबारी की घटनाओं के बारे में विपक्ष के नेता विजय वडेट्टीवार और कांग्रेस विधायक असलम शेख़ के सवालों का जवाब दे रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘वे कई लोगों को धमकाते हैं। अगर कोई पैसे देने से मना करता है, तो वे स्थानीय अपराधियों से उस व्यक्ति के घर या दुकान के बाहर गोली चलवाते हैं। उनका मकसद लोगों में डर पैदा करना होता है ताकि वे जबरन वसूली के पैसे दे दें। ये लोग बहुत ताकतवर नहीं हैं; वे विदेश में बैठकर डर फैलाकर जबरन वसूली करने की कोशिश कर रहे हैं।’’

उन्होंने कहा कि हाल में हुई गोलीबारी की घटनाओं की जांच से यह पता चला है कि शूटर को भारत के बाहर से भेजे गए पैसे का इस्तेमाल करके काम पर रखा गया था। उन्होंने सदन को भरोसा दिलाया कि सरकार इसमें शामिल सभी लोगों की पहचान करेगी और उनके खिलाफ कार्रवाई करेगी।

फडणवीस ने कहा, ‘‘लॉरेंस बिश्नोई और रोहित गोदारा के बीच भी प्रतिद्वंद्विता है और दोनों अपना दबदबा कायम करने की कोशिश कर रहे हैं। हम उनका भी पता लगाएंगे। जबरन वसूली करने वाले इन गिरोहों और संगठित अपराध सिंडिकेट को पूरी तरह खत्म कर दिया जाएगा।’’

उन्होंने कहा कि जिन नागरिकों को जबरन वसूली की धमकियां मिल रही हैं, उन्हें घबराना नहीं चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे गिरोहों को हराने के लिए उस डर को खत्म करना ज़रूरी है जिसे वे पैदा करना चाहते हैं।

प्रश्नकाल के दौरान यह मुद्दा उठाते हुए वडेट्टीवार ने हमलों के पीछे की साज़िश की गहन जांच की मांग की और कहा कि अगर जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की इसमें कोई भूमिका है, तो इसकी जांच होनी चाहिए।

विपक्षी दल के विधायक शेख ने पूछा कि क्या सरकार व्यापारियों से लाखों रुपये की उगाही करने वाले और गोलीबारी की घटनाओं से डर फैलाने वाले संगठित गिरोहों को खत्म करने के लिए कोई खास टीम या कार्यबल बनाएगी।

फडणवीस ने कहा कि सरकार पहले से ही कार्रवाई कर रही है और जहां भी जरूरी होगा, अपनी कोशिशें और तेज करेगी। उन्होंने यह भी बताया कि इस मामले को केंद्र के सामने भी उठाया गया है, क्योंकि आपराधिक नेटवर्क संचालित करने वाले कई लोग विदेश से काम कर रहे हैं।

भाषा आशीष पवनेश

पवनेश