रिलायंस एडीएजी के पूर्व वरिष्ठ अधिकारी अमिताभ झुनझुनवाला को सीबीआई हिरासत में भेजा गया
रिलायंस एडीएजी के पूर्व वरिष्ठ अधिकारी अमिताभ झुनझुनवाला को सीबीआई हिरासत में भेजा गया
मुंबई, तीन जून (भाषा) एक स्थानीय अदालत ने अनिल अंबानी के नेतृत्व वाली रिलायंस कम्युनिकेशंस के पूर्व समूह प्रबंध निदेशक अमिताभ झुनझुनवाला को कथित बैंक ऋण धोखाधड़ी मामले में पांच जून तक सीबीआई की हिरासत में भेज दिया।
झुनझुनवाला को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के विशेष न्यायाधीश जेपी दारेकर के समक्ष पेश किया गया। उन्हें सोमवार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।
सीबीआई की ओर से विशेष लोक अभियोजक ए. लिमोसिन और जितेंद्र शर्मा पेश हुए। सीबीआई ने विस्तृत जांच के लिए झुनझुनवाला को उसकी हिरासत में भेजे जाने का अनुरोध किया।
इससे पहले झुनझुनवाला को एक संबंधित धनशोधन मामले में न्यायिक हिरासत में दिल्ली की तिहाड़ केंद्रीय जेल में रखा गया था। इस मामले की जांच प्रवर्तन निदेशालय द्वारा की जा रही है।
उन्हें सोमवार को पेशी वारंट पर मुंबई लाया गया और औपचारिकताएं पूरी करने के बाद सीबीआई ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
जांच एजेंसी के अनुसार रिलायंस एडीएजी की एक फर्म, रिलायंस कम्युनिकेशंस के पूर्व समूह प्रबंध निदेशक के रूप में झुनझुनवाला कंपनी के कॉर्पोरेट वित्त, बैंकिंग, निधियों के उपयोग आदि जैसे महत्वपूर्ण कार्यों की देखरेख कर रहे थे।
सीबीआई ने आरोप लगाया कि बैंकों से प्राप्त ऋण का इस्तेमाल उनके निर्देशों के अनुसार किया गया था और इन निधियों के दुरुपयोग के कारण बैंकों को अनुचित नुकसान हुआ।
एजेंसी ने पिछले सप्ताह इस मामले में 16 लोगों के खिलाफ अपना पहला आरोप-पत्र दाखिल किया था, लेकिन इसमें झुनझुनवाला का नाम नहीं था।
मामला कंपनी द्वारा कथित ऋण धोखाधड़ी में भारतीय स्टेट बैंक को हुए 2,929.05 करोड़ रुपये के नुकसान से संबंधित है।
भारतीय स्टेट बैंक द्वारा रिलायंस कम्युनिकेशंस और अनिल अंबानी के खिलाफ दर्ज शिकायत के आधार पर यह मामला दायर किया गया था।
भाषा देवेंद्र सुरेश
सुरेश

Facebook


