ठाणे में एक दुकान से 8.13 लाख रुपये के मोबाइल फोन की चोरी के मामले में चार लोग गिरफ्तार

ठाणे में एक दुकान से 8.13 लाख रुपये के मोबाइल फोन की चोरी के मामले में चार लोग गिरफ्तार

ठाणे में एक दुकान से 8.13 लाख रुपये के मोबाइल फोन की चोरी के मामले में चार लोग गिरफ्तार
Modified Date: August 11, 2024 / 06:41 pm IST
Published Date: August 11, 2024 6:41 pm IST

ठाणे, 11 जून (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में पुलिस ने एक दुकान से 8.13 लाख रुपये के 29 मोबाइल फोन की कथित रूप से चोरी करने को लेकर एक गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि भिवंडी क्षेत्र की साई रेजिडेंसी में एक बैंक के समीप स्थित इस दुकान से 28 जुलाई को तड़के मोबाइल फोन चोरी किये गये।

कोनगांव थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अतुल अदुरकर ने बताया कि दीवार में सेंध लगाकर चोर दुकान में घुसे और मोबाइल हैंडसेट लेकर चंपत हो गये थे।

उन्होंने बताया कि मोबाइल की अधिक कीमत तथा प्रारंभिक सुरागों के अभाव में चोरी की यह घटना जांचकर्ताओं के लिए बड़ी चुनौती बन गई।

उन्होंने बताया कि पुलिस जांच दल ने संदिग्धों का पता लगाने के लिए 150 से अधिक सीसीटीवी की रिकॉर्डिंग को खंगाला।

अदुरकर के अनुसार जांच से पता चला है कि चोर कोनगांव से ऑटो रिक्शा एवं ट्रेन से पनवेल पहुंचे थे। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने प्रारंभ में छह अगस्त को पनवेल से 26 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया।

उन्होंने बताया कि उससे पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस पुणे जिले के इंदापुर पहुंची जहां उसने 40 से 53 साल तक के तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया एवं चुराये गये सभी मोबाइल हैंडसेट बरामद किये।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार लोग झारखंड के साहिबगंज के रहने वाले हैं।

भाषा राजकुमार पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में