पालघर, 24 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र विधान परिषद की उप सभापति नीलम गोरहे ने पालघर जिले में पटाखा बनाने वाली एक अनधिकृत इकाई में हुए हालिया विस्फोट के पीड़ितों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है।
पालघर जिले में 21 अप्रैल को हुए विस्फोट में दो मजदूरों की मौत हो गई और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। गोरहे ने बृहस्पतिवार को वाडा तालुका के कोंसाई गांव में दुर्घटनास्थल का दौरा किया और बाद में उन्होंने घायल मजदूरों से अस्पताल में मुलाकात की।
शिवसेना से ताल्लुक रखने वाली गोरहे ने पत्रकारों से कहा, ‘‘मैंने घायल श्रमिकों और उनके परिवारों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है। मैं सरकार के स्तर पर इस मामले को आगे बढ़ाऊंगी ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि उन्हें पर्याप्त सहायता प्रदान की जाए।’’
उन्होंने कहा कि इस घटना की रिपोर्ट मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और शिवसेना प्रमुख उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को सौंपी जाएगी।
गोरहे ने बताया कि उन्होंने पुलिस, राजस्व और श्रम विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक भी की, जिसमें उन्होंने औद्योगिक इकाइयों की कड़ी निगरानी की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने कहा, ‘‘10 से अधिक श्रमिकों को रोजगार देने वाली इकाइयों में श्रम कानूनों का सख्ती से पालन किया जाना चाहिए।’’
भाषा यासिर मनीषा
मनीषा