ठाणे (महाराष्ट्र), 21 सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में दो लोगों ने अपने एक रिश्तेदार की मौत का बदला लेने के लिए 20 वर्षीय व्यक्ति की कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
मोहम्मद इत्तहाद मोहम्मद अब्दुल वाहिद का शव सोमवार को मुम्ब्रा शहर के कौसा इलाके में मिला। वाहिद का गला रेता हुआ था और उसके दोनों पैरों पर चोट के निशान थे। वाहिद पश्चिम बंगाल के मालदा का निवासी था।
कलवा के सहायक पुलिस आयुक्त विलास शिंदे ने संवाददाताओं को बताया कि तकनीकी सूचना के आधार पर पुलिस ने सनीफ असु साही को मंगलवार को मुंबई के पास बांद्रा से गिरफ्तार किया। अधिकारी ने बताया कि साही भी मालदा निवासी है और पूछताछ के दौरान उसने पुलिस को बताया कि उसने और उसके सहयोगी जाकिर शेख ने वाहिद की हत्या की है।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसे संदेह था कि वाहिद ने उसके छोटे भाई और उसके तीन सहयोगियों की तीन साल पहले हत्या की थी। अपने भाई की मौत का बदला लेने के लिए साही और उसके सहयोगी ने कथित रूप से वाहिद की 18 सितंबर को हत्या कर दी।
अधिकारी के अनुसार, पुलिस ने साही के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है और शेख को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
भाषा सुरभि मनीषा
मनीषा