मुंबई: बहुमंजिला इमारत में लगी आग, दो महिलाओं और एक बच्चे समेत चार लोगों को बचाया गया
मुंबई: बहुमंजिला इमारत में लगी आग, दो महिलाओं और एक बच्चे समेत चार लोगों को बचाया गया
मुंबई, 11 अगस्त (भाषा) मुंबई के विले पार्ले (पश्चिम) इलाके में मंगलवार रात 12 मंजिला एक आवासीय इमारत की 11वीं मंजिल पर आग लग गई। इस घटना में दो महिलाओं और एक बच्चे समेत चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। नगर निकाय अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, पश्चिमी उपनगर स्थित ‘शांता भवन’ इमारत में रात करीब 10 बजे लगी इस आग में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
अधिकारियों ने बताया कि मुंबई अग्निशमन विभाग ने रात 10.08 बजे इसे ‘लेवल 1’ (मामूली) आग घोषित किया और रात 10.16 बजे इसे बढ़ाकर ‘लेवल 2’ (मध्यम) की श्रेणी में कर दिया। उन्होंने कहा कि आग लगने के कारणों का तत्काल पता नहीं चल पाया है।
अग्निशमन दल ने इमारत की प्रभावित 11वीं मंजिल से चार लोगों – दो महिलाएं, एक पुरुष और एक बच्चा को बचाकर चिकित्सीय जांच के लिए एम्बुलेंस से नानावटी अस्पताल पहुंचाया।
मौके पर दमकल विभाग, पुलिस, विद्युत वितरण कंपनी, 108 एम्बुलेंस सेवा और बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के कर्मचारी पहुंचे और आग पर काबू पा लिया गया।
भाषा
सुमित अमित
अमित

Facebook


