मुंबई : रैली से यातायात जाम पर महिला के गुस्से का वीडियो वायरल, आयोजकों के खिलाफ मामला दर्ज

Ads

मुंबई : रैली से यातायात जाम पर महिला के गुस्से का वीडियो वायरल, आयोजकों के खिलाफ मामला दर्ज

  •  
  • Publish Date - April 22, 2026 / 07:52 PM IST,
    Updated On - April 22, 2026 / 07:52 PM IST

मुंबई, 22 अप्रैल (भाषा) दक्षिण मुंबई के वर्ली इलाके में भाजपा की रैली के कारण हुए यातायात जाम पर एक महिला के गुस्से का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने बुधवार को रैली के आयोजकों के खिलाफ मामला दर्ज किया।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मंगलवार को आयोजित ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ रैली के लिए अनुमति दी गई थी, लेकिन कुछ शर्तों का उल्लंघन हुआ। यह रैली लोकसभा में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक के पारित नहीं होने को लेकर विपक्ष को घेरने के उद्देश्य से आयोजित की गई थी।

उन्होंने बताया कि इस संबंध में वर्ली पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है।

रैली के दौरान मंगलवार को जब महाराष्ट्र के मंत्री गिरीश महाजन पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे, तभी एक नाराज महिला ने उनसे बहस करते हुए सड़क जाम करने और यात्रियों को असुविधा पहुंचाने पर कड़ी आपत्ति जताई।

महिला ने मंत्री से कहा, “यहां से निकल जाइए, आप यातायात जाम कर रहे हैं।”

महिला ने यात्रियों को हो रही परेशानी पर नाराजगी जताई।

महाजन ने बुधवार को कहा कि महिला अपने बच्चे को लेने की जल्दी में थी और उसका गुस्सा कुछ हद तक जायज था, लेकिन उसने अनुचित भाषा का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि रैली में लगभग 15,000 से 20,000 महिलाओं की भागीदारी के कारण यातायात प्रभावित होना अवश्यंभावी था।

भाषा रवि कांत रवि कांत नरेश

नरेश