नागपुर दुष्कर्म मामले में दो दिन की पुलिस हिरासत अपर्याप्त, मुकदमे की सुनवाई जल्द हो: नीलम गोर्हे

नागपुर दुष्कर्म मामले में दो दिन की पुलिस हिरासत अपर्याप्त, मुकदमे की सुनवाई जल्द हो: नीलम गोर्हे

नागपुर दुष्कर्म मामले में दो दिन की पुलिस हिरासत अपर्याप्त, मुकदमे की सुनवाई जल्द हो: नीलम गोर्हे
Modified Date: August 9, 2026 / 07:23 pm IST
Published Date: August 9, 2026 7:23 pm IST

नागपुर, नौ अगस्त (भाषा) शिवसेना नेता नीलम गोर्हे ने नागपुर में ठाणे के एक युवक द्वारा 16 साल की लड़की के कथित यौन उत्पीड़न के मामले में जल्द सुनवाई की मांग की और कहा कि आरोपी की दो दिन की पुलिस रिमांड काफी नहीं है।

पुलिस के अनुसार, 19 साल के निर्मय माधव पखारे ने नाबालिग को 30 घंटे से ज्यादा समय तक कथित तौर पर बंधक बनाकर रखा, उसका यौन उत्पीड़न किया और चाकू से लगभग 20 वार किए।

पुलिस ने सोमवार को उसे एक किराए के कमरे से छुड़ा लिया था।

विधान परिषद सदस्य ने यहां हुडकेश्वर थाने में अधिकारियों से मिलने के बाद एक प्रेस वार्ता को संबोधित किया और पीड़िता के परिवार से फोन पर भी बात की।

नीलम ने पुलिस जांच पर संतोष जताते हुए कहा कि परिवार द्वारा लड़की के लापता होने की शिकायत किए जाने के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की।

उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि, मामले की जांच के लिए आरोपी की केवल दो दिन की पुलिस हिरासत पर्याप्त नहीं थी। अदालत को हिरासत की अवधि बढ़ानी चाहिए थी।’’ आरोपी पखारे को सीने में दर्द की शिकायत के बाद बुधवार रात सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

पुलिस हिरासत की अवधि समाप्त होने के बाद उसे बृहस्पतिवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

नीलम ने कहा कि वह इस मामले के संबंध में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्रियों एकनाथ शिंदे तथा सुनेत्रा पवार से मुलाकात करेंगी।

उन्होंने मामले की सुनवाई फास्ट-ट्रैक अदालत में कराने की भी मांग की और विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री इस मामले पर ध्यान देंगे।

लड़की की आरोपी से ‘इंस्टाग्राम’ पर दोस्ती हुई थी।

पुलिस ने बताया कि आरोपी ने उसे शहर के दिघोरी इलाके में एक किराए के घर में 30 घंटे से ज्यादा समय तक कथित तौर पर बंधक बनाकर रखा, उसके हाथ-पैर बांध दिए और कई बार उसका यौन शोषण किया।

पुलिस के मुताबिक, मौके पर ही गिरफ्तार किए गए पखारे ने लड़की पर कथित रूप से चाकू से कई वार भी किये थे।

नागपुर पुलिस ने ठाणे जिले में आरोपी के घर से धारदार हथियार, एक लैपटॉप और बड़ी मात्रा में गर्भ निरोधक भी जब्त किए हैं।

भाषा जितेंद्र प्रशांत

प्रशांत


लेखक के बारे में