नांदेड़ के विश्वविद्यालय को नैनो दवा वितरण तकनीक के लिए भारतीय पेटेंट मिला
नांदेड़ के विश्वविद्यालय को नैनो दवा वितरण तकनीक के लिए भारतीय पेटेंट मिला
नांदेड़, 20 अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के नांदेड़ स्थित स्वामी रामानंद तीर्थ मराठवाड़ा विश्वविद्यालय ने पानी में कम घुलनशील टीबी रोधी दवाओं की प्रभावशीलता बढ़ाने वाली एक नई तकनीक के लिए भारतीय पेटेंट हासिल किया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
विश्वविद्यालय की ओर से जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, ‘पानी में कम घुलनशील टीबी रोधी दवाओं के लिए नैनोस्ट्रक्चर्ड डिलीवरी डिवाइस उपकरण और इसकी विधि’ नामक इस पेटेंट को 20 वर्ष की अवधि के लिए मंजूरी दी गई है।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि यह शोध पानी में कम घुलनशील टीबी-रोधी दवाओं के वितरण में सुधार करने के लिए एक नैनो-संरचित प्रणाली के उपयोग पर केंद्रित है। इस तकनीक में इन दवाओं के शरीर में अवशोषण को बेहतर करने और उनके उपचारात्मक प्रभाव को बढ़ाने की क्षमता है।
विश्वविद्यालय ने कहा कि इस तकनीक को आधुनिक दवा वितरण प्रणाली के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इससे पानी में कम घुलनशील दवाओं को प्रभावी तरीके से शरीर तक पहुंचाने में आने वाली चुनौतियों से निपटने में मदद मिल सकती है।
भाषा प्रचेता रंजन
रंजन

Facebook


