भारत में ज्यादा बाल फिल्में नहीं बनतीं, मैं इस शैली को और अधिक विकसित करना चाहूंगा:जैकी श्रॉफ
भारत में ज्यादा बाल फिल्में नहीं बनतीं, मैं इस शैली को और अधिक विकसित करना चाहूंगा:जैकी श्रॉफ
मुंबई, 28 मई (भाषा) वरिष्ठ अभिनेता जैकी श्रॉफ ने कहा कि उनकी आने वाली फिल्म ‘‘द ग्रेट ग्रैंड सुपर हीरो-एलियंस का आगमन’’ बच्चों की फंतासी फिल्म है और यह शैली उनके दिल के बेहद करीब है क्योंकि यह ऐसी विधा को दर्शाती है जिसकी मुख्यधारा के सिनेमा में कमी है।
इस फिल्म में श्रॉफ एक दादाजी की भूमिका निभा रहे हैं, जो अपने पोते को यह कहानी सुनाते हैं कि वह एक सुपरहीरो हैं। इसके बाद कई मजेदार घटनाएं होती हैं और एलियंस से सामना भी होता है।
उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत में कहा, ‘‘आजकल बच्चों की फिल्में बहुत कम बनती हैं और अगर ऐसी फिल्में हों जो बच्चों, उनके सपनों और उनकी मासूमियत के बारे में हों, तो मुझे उन्हें करना बेहद पसंद है। हमें फिल्मों में ऐसी चीजें देखने को ज्यादा नहीं मिलतीं। मैं हर तरह की फिल्में करता हूं, लेकिन यह शैली मेरे दिल के सबसे करीब है क्योंकि हम सभी के भीतर एक बच्चा होता है।’’
फिल्म ‘द ग्रेट ग्रैंड सुपरहीरो’ का निर्देशन मनीष सैनी ने किया है, जिन्हें उनकी गुजराती भाषा की फिल्म ‘ढ’ के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला था। उन्होंने ‘गांधी एंड कंपनी’, ‘शुभ यात्रा’, ‘जय माता जी-लेट्स रॉक’ और पुरस्कार विजेता लघु फिल्म ‘गिद्ध’ का भी निर्देशन किया है।
जैकी श्रॉफ पहले बच्चों की फिल्मों ‘हरी पुत्तर: अ कॉमेडी ऑफ टेरर्स’ और ‘भूत अंकल’ में नजर आ चुके हैं। उन्होंने कहा कि वह बचपन में सिंड्रेला, ऐलिस इन वंडरलैंड और अरेबियन नाइट्स जैसी कहानियां सुनते हुए बड़े हुए, लेकिन उनका मानना है कि भारतीय बच्चों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से अधिक जुड़ना चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘‘बचपन में अथर्ववेद, आयुर्वेद और ऋग्वेद सीखने की बजाय हम ‘जैक एंड जिल वेंट अप द हिल’, ‘रिंग-अ-रिंग-अ-रोज़ेज’ और ‘अलादीन’ सीख रहे थे। हम भारतीय चीजों के बारे में उतना नहीं सीख रहे थे। मुझे लगा कि बचपन में हम इन बातों से वंचित रह गए। आज उनकी कल्पनाशक्ति इंटरनेट और एआई से आकार ले रही है।’’
फिल्म ‘शिवा का इंसाफ’ में सुपरहीरो की भूमिका निभा चुके जैकी श्रॉफ ने कहा कि वह खुद को खुशकिस्मत मानते हैं कि उन्हें एक बार फिर सुपरहीरो का किरदार निभाने का मौका मिला और इस बार एक दादाजी के रूप में।
उन्होंने कहा, ‘‘परिवार में सबसे वरिष्ठ व्यक्ति दादाजी होते हैं और उनके पास असली सुपरपावर्स होते हैं। बच्चे अपने दादा-दादी से बहुत कुछ सीखते हैं।’’
‘द ग्रेट ग्रैंड सुपरहीरो’ का निर्माण जी स्टूडियोज और अमदावाद फिल्म्स ने किया है और यह 29 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
फिल्म में प्रतीक स्मिता पाटिल, भाग्यश्री दसानी, शरत सक्सेना, मिहिर गोडबोले, दुर्गेश कुमार, सहर्ष शुक्ला, शिवांश चोरगे और कुमार सौरभ भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
भाषा शोभना संतोष
संतोष

Facebook


