यातायात व्यवस्था को लेकर मुंबई की महिला ने मंत्री गिरीश महाजन को ‘आईना दिखाया’ : प्रियंका चतुर्वेदी

Ads

यातायात व्यवस्था को लेकर मुंबई की महिला ने मंत्री गिरीश महाजन को ‘आईना दिखाया’ : प्रियंका चतुर्वेदी

  •  
  • Publish Date - April 22, 2026 / 05:29 PM IST,
    Updated On - April 22, 2026 / 05:29 PM IST

मुंबई, 22 अप्रैल (भाषा) शिवसेना (उबाठा) की नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने महिला आरक्षण संशोधन विधेयक के संबंध में यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की रैली के दौरान यातायात व्यवस्था को लेकर महाराष्ट्र के मंत्री गिरीश महाजन से बहस करने वाली महिला की बुधवार को प्रशंसा की और कहा कि महिला ने मंत्री और अन्य लोगों को ‘‘आईना दिखा दिया।’’

लोकसभा में हाल में महिला आरक्षण संविधान संशोधन विधेयक के पारित नहीं होने के विरोध में भाजपा के प्रदर्शन के दौरान महाजन को मुंबई के वर्ली इलाके में यातायात बाधित हो जाने से नाराज एक महिला के गुस्से का सामना करना पड़ा।

घटना का एक वीडियो ऑनलाइन प्रसारित हुआ और कुछ और भी लोगों ने भाजपा की विरोध की रणनीति की आलोचना की।

राज्यसभा की पूर्व सदस्य चतुर्वेदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में इस घटना को लेकर सत्तारूढ़ भाजपा पर निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि मुंबई में हर रोज लोग घंटों यातायात जाम में फंसे रहते हैं, जिससे उनका धैर्य टूटता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस समस्या को गंभीरता से नहीं ले रही, खासकर वीआईपी आवाजाही के कारण होने वाली दिक्कतों को।

उन्होंने कहा कि यहां तक कि मंत्री का रवैया भी अपमानजनक और उपेक्षापूर्ण है।

चतुर्वेदी ने कहा, ‘‘राजनीतिक प्रदर्शन के लिए यातायात को अवरुद्ध करने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं और मंत्री गिरीश महाजन को आईना दिखाने के लिए मुंबई की महिला को सलाम।’’

उन्होंने पूछा, ‘‘भाजपा निर्धारित मैदान के बजाय सड़कों पर विरोध प्रदर्शन क्यों कर रही थी? यातायात के व्यस्त समय में विरोध प्रदर्शन करने की अनुमति उन्हें किसने दी? लोगों को भाजपा की राजनीतिक दिखावेबाजी की वजह से क्यों परेशान होना चाहिए?’’

चतुर्वेदी ने कहा, ‘‘उस महिला का गुस्सा सिर्फ उसका नहीं है, बल्कि मुंबई के हर उस निवासी का है जो आवागमन की दिक्कतों का सामना करता है।’’

महाजन ने बुधवार को कहा कि मंगलवार को वर्ली में भाजपा समर्थित मार्च के दौरान कुछ लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने साथ ही कहा कि यातायात जाम को लेकर उनसे बहस करने वाली महिला ने अनुचित भाषा का इस्तेमाल किया।

मंत्री ने कहा कि उन्होंने मौके पर ही महिला से माफी मांगी और पुलिस से महिला के खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई न करने का अनुरोध किया।

भाषा

देवेंद्र नरेश

नरेश