धोखाधड़ी के आरोप में रियल एस्टेट एजेंट गिरफ्तार

Ads

धोखाधड़ी के आरोप में रियल एस्टेट एजेंट गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - January 3, 2026 / 09:54 PM IST,
    Updated On - January 3, 2026 / 09:54 PM IST

मुंबई, तीन जनवरी (भाषा) पुलिस ने मुंबई के दहिसर इलाके में फ्लैट बेचने के नाम पर एक चार्टर्ड अकाउंटेंट से 29.5 लाख रुपये की ठगी के आरोप में एक रियल एस्टेट एजेंट को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि दीपक किरीट शाह को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि सह-आरोपी राजेश जैन और आदित्य फरार हैं।

शिकायतकर्ता हितेश मनसुखभाई गोंडविल्या दहिसर के रहने वाले हैं और पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं। उन्होंने बताया कि वह किराए के मकान में रह रहे थे, इसलिए वह एक फ्लैट खरीदना चाहते थे।

इस दौरान, गोंडविल्या को 1.05 करोड़ रुपये की कीमत वाले एक फ्लैट का ऑनलाइन विज्ञापन मिला।

शिकायतकर्ता द्वारा विज्ञापन में दिए गए नंबर पर संपर्क करने के बाद, आदित्य नाम के एक व्यक्ति ने उन्हें रावलपाड़ा क्षेत्र में स्थित फ्लैट देखने के लिए आमंत्रित किया। शिकायतकर्ता और उनके पिता फ्लैट देखने गए और उसे खरीदने का फैसला किया।

आदित्य ने उसे दीपक शाह और राजेश जैन से मिलवाया और दावा किया कि जैन फ्लैट का मालिक है जबकि शाह एजेंट है।

शिकायतकर्ता ने कथित तौर पर उन्हें 29.55 लाख रुपये का आंशिक भुगतान किया। उनकी योजना बिक्री समझौते के पंजीकरण के बाद बैंक से ऋण लेने की थी लेकिन आरोपियों ने बहाने बनाकर पंजीकरण टाल दिया और उससे बचने लगे।

जब शिकायतकर्ता ने तहसीलदार कार्यालय में फ्लैट के स्वामित्व की जानकारी की जांच की, तो पता लगा कि यह किसी और व्यक्ति के नाम पर था और आरोपियों ने मूल मालिक की तस्वीर को जैन की तस्वीर से बदल दिया था।

अधिकारी ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने शाह को गिरफ्तार कर लिया और अन्य दो व्यक्तियों की तलाश जारी है।

भाषा

राखी अविनाश

अविनाश