मुंबई, 26 जून (भाषा) शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता संजय राउत ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि उनकी पार्टी द्वारा श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को दिए गए एक करोड़ रुपये के दान की रसीद नहीं मिली।
राउत ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में यह भी दावा किया कि पार्टी द्वारा ट्रस्ट को दान की गई चांदी की ईंट की भी रसीद नहीं दी गई।
उन्होंने कहा, ‘‘हमें एक करोड़ रुपये की रसीद नहीं मिली है। जब ट्रस्ट का गठन हुआ था, तब हमने एक करोड़ रुपये का चेक दिया था। हमने 25 किलोग्राम से अधिक वजन की पहली चांदी की ईंट भी भेंट की थी।’’
राउत के ये आरोप ऐसे समय में आए हैं, जब उत्तर प्रदेश सरकार ने अयोध्या स्थित राम मंदिर में प्राप्त चंदे के कथित गबन के आरोपों की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है।
इस मामले में दर्ज प्राथमिकी में राम शंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव को नामजद किया गया है, जिसे ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय का पूर्व चालक बताया गया है।
राउत ने आरोप लगाया कि कथित रूप से गबन की गई धनराशि का इस्तेमाल सांसदों और विधायकों को ‘‘खरीदने’’ के लिए किया गया।
राज्यसभा सदस्य राउत ने यह भी आरोप लगाया कि चंपत राय और स्थानीय भाजपा पदाधिकारियों को बचाने की कोशिश की गई। राउत ने दावा किया कि इन लोगों ने कम कीमत पर जमीन खरीदी और बाद में उसे अधिक कीमत पर ट्रस्ट को बेच दिया।
भाषा गोला वैभव
वैभव