ठाणे, छह अक्टूबर (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कल्याण शहर में ‘लिव-इन पार्टनर (सहजीवन)’ की हत्या करने के आरोप में पुलिस ने 40 वर्षीय एक ऑटोरिक्शा चालक को गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
कोलसेवाड़ी पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि रसिका कोलंबकर (36) और आरोपी विजय जाधव पिछले चार-पांच साल से ‘लिव-इन पार्टनर’ थे। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ वर्षों से कुछ मुद्दों पर उनके बीच मतभेद होने से वे अलग-अलग रहने लगे थे।
अधिकारी ने कहा, ऑटोरिक्शा चालक जाधव चाहता था कि रसिका वापस आ जाए और उसके साथ फिर से रहना शुरू कर दे, लेकिन वह बार-बार के उसके अनुरोध पर ध्यान नहीं दे रही थी।
उन्होंने कहा कि जाधव, शुक्रवार सुबह करीब दस बजे कल्याण शहर स्थित ‘चॉल’ (एक पुराना मकान) में गया और महिला पर चाकू से कई बार हमला किया।
अधिकारी ने कहा कि महिला पर आधा दर्जन बार चाकू से हमले किए गए, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पुलिस ने भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 302 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया और कुछ घंटों के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
भाषा साजन दिलीप
दिलीप