ठाणे, 26 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने रविवार को तीन हाथ नाका को जाम मुक्त बनाने सहित ठाणे में कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
शिंदे ने मुंबई महानगर क्षेत्रीय विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) और ठाणे नगर निगम (टीएमसी) अधिकारियों को संबोधित करते हुए अवसंरचना को तेज गति से विकसित करने के नजरिये के साथ काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं को औपचारिक उद्घाटन में होने वाली देरी का इंतजार किए बिना आगे बढ़ना चाहिए।
अधिकारियों ने बताया कि तीन हाथ नाका पर यातायात जाम को कम करने और सुधार परियोजना को यूरोप के शहरी अवसरंचना परामर्शदाताओं की सलाह से तैयार किया गया है। इसमें पानी, गैस और ईंधन पाइपलाइन जैसी जटिल भूमिगत अवसंरचना का मानचित्रण किया गया है ताकि वाहनों को आसानी से दूसरे रास्ते से भेजा जा सके।
एक अधिकारी ने कहा,‘‘तीन हाथ नाका इस इलाके के सबसे ज्यादा जाम वाले स्थानों में से एक है, जहां सात अलग-अलग दिशाओं से वाहन आते हैं। काम पूरा होने के बाद, तीन हाथ नाका पर सिग्नल का इंतजार करने का समय – जिसे अक्सर एशिया के सबसे लंबे सिग्नल इंतजार के समय में से एक माना जाता है – घटकर 15 सेकंड रह जाएगा। इससे मुंबई, नासिक, नौपाडा, वागले एस्टेट, कोपरी और ठाणे के प्रस्तावित नए रेलवे स्टेशन जाने वाले लोगों को राहत मिलेगी।’’
शिंदे ने ठाणे तटीय रोड और ईस्टर्न फ्रीवे एक्सटेंशन परियोजना का जिक्र करते हुए कहा कि एक एलिवेटेड कॉरिडोर, ईस्टर्न फ्रीवे एक्सटेंशन को खेड़ा नगर से सीधे आनंद नगर, साकेत, गायमुख और फाउंटेन होटल होते हुए जोड़ेगा।
उन्होंने कहा कि इस रिंग और बाईपास का उद्देश्य अहमदाबाद, जेएनपीटी और मुंबई से आने वाले भारी वाणिज्यिक वाहनों और अंतर-शहरी यातायात को शहर के भीतर की सड़कों से दूर रखना है, जिससे शहर के अंदर यातायात जाम और गाड़ियों से होने वाले प्रदूषण में काफी कमी आएगी।
शिंदे ने कहा कि संजय गांधी नेशनल पार्क के नीचे बन रहे ठाणे-बोरीवली दोहरी सुरंग परियोजना पर भी तेजी से काम हो रहा है और इसके शुरू होने के बाद ठाणे और बोरीवली के बीच यात्रा का समय 1.5 से 2 घंटे से घटकर महज 20 मिनट रह जाएगा।
भाषा धीरज प्रशांत
प्रशांत