भोपाल, 15 अगस्त (भाषा) एक यात्री के बीमार होने की वजह से अकासा एयर विमानन कंपनी की वाराणसी-मुंबई उड़ान की यहां राजा भोज हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग कराई गई। विमान में 172 यात्री सवार थे।
विमानन कंपनी ने एक बयान में कहा कि 15 अगस्त को वाराणसी से मुंबई जा रही उड़ान संख्या क्यू 1492 का मार्ग एक यात्री की तबियत खराब होने के कारण बदला गया और उसे भोपाल में उतारा गया।
कंपनी ने कहा कि चालक दल और विमान में मौजूद एक डॉक्टर के हरसंभव प्रयासों के बावजूद, दुर्भाग्य से यात्री की मृत्यु हो गई।
उसने कहा, ‘‘हमारी संवेदनाएं मृतक यात्री के रिश्तेदारों और प्रियजनों के साथ हैं। हम इस आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया के लिए हमारे चालक दल और डॉक्टर के प्रयासों की सराहना करते हैं।’’
अकासा एयर ने कहा कि वह यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा और भलाई के लिए प्रतिबद्ध है।
हवाई अड्डा के निदेशक रामजी अवस्थी ने पीटीआई-भाषा को बताया कि एक यात्री की तबियत ज्यादा खराब हो जाने के बाद पायलट ने हवाई यातायात नियंत्रक (एटीसी) से संपर्क किया और सुबह 11.40 बजे आपातकालीन लैंडिंग की।
अवस्थी ने कहा था कि गंभीर हालत में यात्री को अस्पताल ले जाया गया।
भाषा दिमो पवनेश अविनाश
अविनाश