नयी दिल्ली, एक अप्रैल (भाषा) खेल साक्षरता को बढ़ावा देने और बच्चों को खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से 21 भाषाओं में तैयार की गई खेल वर्णमाला पुस्तिकाओं का मंगलवार को यहां विमोचन किया गया।
इस पुस्तक को ‘स्पोर्ट्स: ए वे ऑफ लाइफ’ के अध्यक्ष और पिछले लंबे समय से खेलों पर शोध कर रहे डॉ कनिष्क पांडे ने तैयार किया है। उन्होंने कहा कि यह पुस्तिकाएं बच्चों को खेलों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
पांडे ने कहा, ‘‘जिस तरह से वर्णमाला सिखाना बच्चे की शिक्षा में दिलचस्पी पैदा करने की दिशा में पहला कदम होता है उसी तरह से खेल वर्णमाला बच्चों में खेलों के प्रति दिलचस्पी पैदा करने की दिशा में पहला कदम बन सकता है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इन पुस्तिकाओं से बच्चों को दोहरा लाभ मिल सकता है। इससे जहां वह शब्द और पढ़ना सीखेंगे वही उनका खेलों के साथ जुड़ाव भी पैदा होगा।’’
यह पुस्तिकाएं हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू, संस्कृत, मराठी, बांग्ला, खासी, भोजपुरी, बुंदेली, राजस्थानी, कुमाऊंनी, गढ़वाली, कश्मीरी, पंजाबी, तेलुगु, तमिल, कन्नड़, उड़िया, मलयालम, गुजराती के साथ-साथ दो विदेशी भाषाओं अरबी और नेपाली में तैयार की गई हैं।
यह कार्यक्रम राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र की अध्यक्षता में आयोजित किया गया, जिसमें अर्जुन पुरस्कार विजेता अशोक कुमार के अलावा इस संगठन के उपाध्यक्ष मिलिंद पांडे भी उपस्थित थे।
भाषा
पंत मोना
मोना