बर्मिंघम, 13 जून (भाषा) भारत के खिलाफ महिला टी20 विश्व कप के शुरुआती मैच से पहले पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना अभ्यास सत्र के दौरान चोटिल होने से बच गयी।
अभ्यास के दौरान सलामी बल्लेबाज आयशा जफर के सीधे शॉट की गेंद फातिमा के घुटने के नीचे दाहिने पैर पर लगी। चोट लगने के बाद उन्हें काफी दर्द हुआ और फिजियो तथा साथी खिलाड़ियों की मदद से लंगड़ाते हुए मैदान से बाहर जाना पड़ा।
पाकिस्तान टीम के लिए हालांकि राहत की बात यह रही कि फातिमा ने मैच पूर्व संवाददाता सम्मेलन में बताया कि चोट गंभीर नहीं है और वह रविवार को भारत के खिलाफ मैच के लिए उपलब्ध हैं।
फातिमा ने कहा, “आयशा का यह एक सामान्य शॉट था और गेंद मेरे घुटने के नीचे लगी थी। अब मैं ठीक हूं।”
चोट लगने के बाद फातिमा अभ्यास सत्र में दोबारा मैदान पर नहीं लौटीं थी और पाकिस्तान टीम प्रबंधन ने उनकी चोट की स्थिति पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की थी।
भाषा आनन्द नमिता
नमिता