रांची, दो अप्रैल (भाषा) गोवा, बंगाल, चंडीगढ़ और उत्तराखंड ने बृहस्पतिवार को यहां सब जूनियर महिला राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप के दूसरे दिन अपने-अपने मैच जीते।
गोवा ने डिवीजन सी पूल ए के मैच में तेलंगाना को 6-3 से, बंगाल ने डिवीजन बी पूल ए के मैच में दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन एवं दीव को 1-0 से हराया, जबकि चंडीगढ़ ने डिवीजन बी पूल बी के मैच में गुजरात को 12-1 से करारी शिकस्त दी।
डिवीजन बी पूल बी मैच के एक अन्य मैच में उत्तराखंड ने कर्नाटक को 6-1 से हराया।
गोवा की कप्तान डेलिना मेंडेस (40वें और 41वें मिनट) और बर्टिला केरकेट्टा (48वें और 52वें मिनट) ने दो-दो गोल किए, जबकि सीमा तिर्की (तीसरे मिनट) और विद्या कुमारी (16वें मिनट) ने भी गोल दागे।
तेलंगाना की ओर से आनंदी महानंद (30वें और 36वें मिनट) और नव्याश्री अकुला (15वें मिनट) ने गोल दागे।
बंगाल के लिए कप्तान पूजा कुमारी साव (21वें मिनट) ने दूसरे क्वार्टर में विजयी गोल दागा।
चंडीगढ़ की तरफ से कप्तान काफी (38वें, 46वें, 55वें और 60वें मिनट), अनु (नौवें और 30वें मिनट), आंचल (12वें और 14वें मिनट), नैन्सी कश्यप (13वें और 18वें मिनट), भावना (10वें मिनट) और यास्मीन शर्मा (20वें मिनट) ने गोल दागे। गुजरात के लिए कप्तान नियति परमार (23वें मिनट) ने एकमात्र गोल दागा।
उत्तराखंड की ओर से करीना (10वें, 12वें और 17वें मिनट) ने शुरुआती हैट्रिक बनाई, जबकि कप्तान मीनाक्षी (सातवें मिनट), देवयानी जोशी (53वें मिनट) और दीया (60वें मिनट) ने भी गोल दागे। कर्नाटक की ओर से प्रीति नीलाराड्डी (31वें मिनट) एकमात्र गोल करने वाली खिलाड़ी रहीं।
भाषा आनन्द पंत
पंत