कोरिया को 2-0 से हराकर भारत हॉकी टीम महिला एसीटी के फाइनल में

Ads

कोरिया को 2-0 से हराकर भारत हॉकी टीम महिला एसीटी के फाइनल में

  •  
  • Publish Date - November 4, 2023 / 10:35 PM IST,
    Updated On - November 4, 2023 / 10:35 PM IST

रांची, चार नवंबर (भाषा) अनुभवी सलीमा टेटे और वैष्णवी विट्ठल के गोल के दम पर भारत ने महिला एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल में कोरिया को 2-0 से हराकर खिताबी मुकाबले के लिए अपना टिकट पक्का किया।

लीग चरण में अपने पांचों मैच जीतने वाली भारतीय टीम को कोरिया ने कड़ी टक्कर दी । कोरिया के खिलाड़ी हालांकि भारतीय रक्षापंक्ति को भेदने में विफल रहे।

फाइनल में भारत का मुकाबला जापान ने होगा जिसने दिन के एक अन्य सेमीफाइनल में हांगझोउ एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता चीन को 2-1 से हराया।

भारत ने कोरिया के खिलाफ मैच के 11वें मिनट में सलीमा के गोल से बढ़त बनाने के बाद अपना दबदबा बनाये रखा। वैष्णवी ने 19वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदल कर इस बढ़त को दोगुना किया।

टीम ने इसके बाद कोरिया को गोल से दूर रखा।

इससे पहले शुरुआती सेमीफाइनल में लुओ टियानटियान ने मैच के 11वें मिनट में चीन को बढ़त दिला दी थी लेकिन जापान ने अच्छी वापसी की। टीम के लिए उरता काना (34वें मिनट) और सुजुकी मियू (44वां मिनट) ने गोल दागे।

भाषा आनन्द पंत

पंत